Stock Market Gain: बाजार ने पलटी मारी, सेंसेक्स दिन के लो से 1036 अंक तक उछला; 3 वजहों से रिकवरी

Stock Market Gain: शुक्रवार को आईटी शेयरों में तेजी है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से भारतीय शेयरों की खरीद जारी है। 20 नवंबर को शुरुआती कारोबार में रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 93.15 प्रति डॉलर पर पहुंच गया

अपडेटेड Nov 20, 2026 पर 12:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
निफ्टी दिन के लो से 292 अंक तक रिकवर होकर 25,637.65 के हाई तक गया।

भारतीय शेयर बाजारों में 20 नवंबर को पहले गिरावट और बाद में बढ़त दिखाई दी। शुरुआत में खुलने के कुछ पलों बाद ही सेंसेक्स पिछले बंद भाव से 618 अंक तक लुढ़ककर 82,403.27 के लो तक गया। निफ्टी भी पिछले क्लोजिंग प्राइस से 169 अंक तक टूटकर 25,345.20 के लो तक गया। लेकिन बाद में बाजार ने पलटी मारी और सेंसेक्स दिन के लो से 1036 अंक तक उछलकर 83,439.29 के हाई तक गया। निफ्टी में भी ऐसा ही आलम रहा और यह दिन के लो से 292 अंक तक रिकवर होकर 25,637.65 के हाई तक गया।

गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों में अच्छी तेजी रही थी। सेंसेक्स 989.94 अंक या 1.21 प्रतिशत चढ़कर 83,021.75 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 286.35 अंक या 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,514.30 पर बंद हुआ था। आइए जानते हैं Stock Market में हुई रिकवरी के अहम कारण...

IT शेयरों में खरीद


शुक्रवार को आईटी शेयरों में तेजी है। एनएसई पर IT इंडेक्स 2.4% ऊपर ट्रेड कर रहा है। पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, कोफोर्ज, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, HCL टेक, TCS जैसे IT शेयरों में 5% तक की तेजी है।

FII की खरीदारी

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की ओर से भारतीय शेयरों की खरीद जारी है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, उन्होंने गुरुवार को 7,411.41 करोड़ रुपये के भारतीय शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशक (DIIs) सेलर बने रहे और उन्होंने 1,356 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

रुपये में मजबूती

20 नवंबर को शुरुआती कारोबार में रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 93.15 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी निवेशकों की ओर से अच्छी खरीद और प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर के कमजोर पड़ने से रुपये में मजबूती दिखी। गुरुवार को रुपया लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त में था और अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 9 पैसे की बढ़त के साथ 93.32 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी और विदेशी निवेशकों की ओर से निवेश के चलते रुपये को सपोर्ट मिला।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।