Stock Market Rise: सेंसेक्स 279 अंक तक उछला, इन 4 वजहों से बाजार में हरियाली

Stock Market Rise: अमेरिकी बाजार हरे निशान में बंद हुए हैं। एशियाई बाजारों में भी तेजी है। कोस्पी लगभग 3 प्रतिशत चढ़ा है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दिख रही है। गुरुवार, 17 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार लगभग फ्लैट रहे थे

अपडेटेड Sep 18, 2026 पर 11:39 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एक दिन पहले सेंसेक्स 21.86 अंक या 0.03 प्रतिशत फिसलकर 74,314.59 पर बंद हुआ था।

शुक्रवार, 18 सितंबर को शेयर बाजार में तेजी लौटी है। सेंसेक्स हरे निशान में खुलने के बाद पिछले बंद भाव से 279.23 अंक तक उछलकर 74,593.82 के हाई तक गया। इसी तरह निफ्टी भी पिछली क्लोजिंग से लगभग 90 अंक तक चढ़कर 23,360.55 के हाई तक गया। गुरुवार, 17 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार लगभग फ्लैट रहे थे। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा बेंचमार्क ब्याज दर 0.25 प्रतिशत बढ़ाने और मौद्रिक नीति में आगे भी सख्ती के संकेत दिए जाने के बाद निवेशकों ने सतर्कता बरती थी।

सेंसेक्स 21.86 अंक या 0.03 प्रतिशत फिसलकर 74,314.59 पर बंद हुआ था। निफ्टी 53 अंक या 0.23 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 23,270.60 पर बंद हुआ था। बीएसई स्मॉलकैप सिलेक्ट इंडेक्स 0.95 प्रतिशत और मिडकैप सिलेक्ट इंडेक्स 0.72 प्रतिशत चढ़ा था। आइए जानते हैं Stock Market में शुक्रवार को आई तेजी के अहम कारण डिटेल में...

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी


ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.3 प्रतिशत गिरकर 103 डॉलर प्रति बैरल के मार्क पर ट्रेड कर रहा है। इसकी वजह यह उम्मीद है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव को देखते हुए मिडिल ईस्ट का तेल वैकल्पिक रास्तों से ग्लोबल मार्केट तक पहुंचता रहेगा। यह उम्मीद सऊदी अरब और यमन के हूथी विद्रोहियों के बीच नए हमलों की चिंता पर भारी पड़ी।

वैश्विक बाजारों की तेजी

अमेरिकी बाजार हरे निशान में बंद हुए हैं। वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स भी बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे थे। एशियाई बाजारों में भी तेजी है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग 3 प्रतिशत चढ़ा है। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.6 और ताइवान वेटेड 1.8 प्रतिशत बढ़त में है। शंघाई कंपोजिट और हेंगसेंग में लगभग 1 प्रतिशत की तेजी है।

Veegaland Developers IPO Listing: 10% तक बढ़त में शुरुआत, फिर आई 5% गिरावट; लगा लोअर सर्किट

इंडिया VIX में गिरावट

बाजार में अनिश्चितता कम होने का संकेत देते हुए, डर का पैमाना माने जाने वाले इंडिया VIX में 3 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 11.93 पर आ गया।

रुपया 16 पैसे मजबूत

रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 16 पैसे मजबूत होकर 95.73 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजारों में खरीदारी और विदेशी बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से घरेलू मुद्रा को सपोर्ट मिला। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा प्रमुख ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद अमेरिकी बॉन्ड यील्ड भी रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आई। रुपया गुरुवार को 2 पैसे मजबूत होकर 95.89 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।