Share Market Close: भारतीय शेयर बाजार आज, यानी बुधवार 15 फरवरी को लगातार दूसरे दिन तेजी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में जहां 242 अंकों की उछाल देखने को मिली। वहीं निफ्टी भी 18,000 के पार पहुंच गया। हालांकि दिन के कारोबार में बाजार अधिकतर समय गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। लेकिन आखिरी घंटे में हुई तेज खरीदारी ने इसे हरे निशान में ढकेल दिया। सबसे अधिक खरीदारी ऑटो, टेलीकम्युनिकेशंस, रियल्टी और टेक शेयरों में देखने को मिली। इसके अलावा मेटल, आईटी और कमोडिटी शेयरों के इंडेक्स भी आज हरे निशान में बंद हुए। हालांकि पावर, एफएमसीजी और यूटिलिटी शेयरों में आज गिरावट का माहौल रहा। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी आज बढ़त के साथ बंद हुए। इस तेजी के चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 1.32 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 242.83 अंक या 0.40% बढ़कर 61,275.09 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का निफ्टी (Nifty) 86.00 अंक या 0.48% की तेजी के साथ 18,015.85 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों को 1.32 लाख करोड़ का लाभ
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में आज रही सबसे अधिक तेजी
सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टेक महिंद्रा (Tech mahindra) के शेयरों में सबसे अधिक 5.46 फीसदी की तेजी देखने को मिली। इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserve), भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में सबसे अधिक उछाल रही और ये करीब 1.10% से लेकर 2.22% की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर आज सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के आज 11 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसमें भी आईटीसी (ITC) के शेयरों में सबसे अधिक 1.19% की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), सनफार्मा (Sun Pharma), एचडीएफसी (HDFC) और इंडसइंड बैंक (Indusind Bank) के शेयर भी आज 0.64 फीसदी से लेकर 1.15 फीसदी तक की गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
1,746 शेयर बढ़त के साथ हुए बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,592 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,746 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,698 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 148 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।