Market This Week: इस हफ्ते किस ओर मुड़ेगा शेयर बाजार; पश्चिम एशिया के हालात, कच्चा तेल समेत ये अहम फैक्टर्स करेंगे तय

Market This Week: नए सप्ताह में बाजार की दिशा तय करने में सबसे अहम भूमिका निभाएंगे पश्चिम एशिया के हालात। अमेरिका-ईरान के बीच एक अंतरिम समझौता काफी हद तक तय हो गया है। डिटेल्स फाइनल होना बाकी है। नए अपडेट से ब्रेंट कच्चे तेल के दाम पर भी खासी नजर रहेगी

अपडेटेड May 24, 2026 पर 4:23 PM
Story continues below Advertisement
रुपये की चाल पर भी मार्केट पार्टिसिपेंट्स की नजर बनी रहेगी।

22 मई को खत्म हुए कारोबारी सप्ताह में सेंसेक्स 177.36 अंक या 0.23 प्रतिशत चढ़ा। निफ्टी 75.8 अंक या 0.32 प्रतिशत मजबूत हुआ। शुक्रवार को सेंसेक्स 231.99 अंक चढ़कर 75,415.35 पर और निफ्टी 64.60 अंकों की बढ़त के साथ 23,719.30 पर बंद हुआ। बाजार को भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी के संकेत, वैश्विक बाजारों की तेजी, रुपये की मजबूती जैसे फैक्टर्स से सहारा मिला। अब 25 मई से शुरू हो रहे सप्ताह में बाजार की चाल किन अहम फैक्टर्स के आधार पर तय होगी, आइए जानते हैं...

पश्चिम एशिया के हालात

नए सप्ताह में बाजार की दिशा तय करने में सबसे अहम भूमिका निभाएंगे पश्चिम एशिया के हालात। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ समझौता काफी हद तक तय हो गया है। डिटेल्स फाइनल होना बाकी है। इतना ही नहीं अमेरिका और ईरान के बीच एक अंतरिम शांति समझौते का पूरा ड्राफ्ट सामने आ गया है। कहा जा रहा है कि यह ऐतिहासिक समझौता शुरुआती तौर पर 60 दिनों के लिए लागू होगा, जिसे दोनों देशों की सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इस दो महीने के युद्धविराम के दौरान दोनों देश परमाणु कार्यक्रम को लेकर एक स्थायी समझौते पर पहुंचने के लिए बातचीत करेंगे।


समझौता हो जाने पर महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से पहले के जैसे पूरी तरह से खुल सकता है। कच्चे तेल और गैस की सप्लाई में चल रही रुकावट दूर हो सकती है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों में छाया संकट खत्म हो सकता है।

कच्चे तेल की कीमत

पश्चिम एशिया के हालात पर नए अपडेट से ब्रेंट कच्चे तेल के दाम पर भी खासी नजर रहेगी। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का भाव इस वक्त 104 डॉलर प्रति बैरल के करीब है। तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से महंगाई में और इजाफा होने की चिंता बढ़ गई है। भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम 10 दिनों में 3 बार बढ़ चुके हैं। 3 बार में खुदरा कीमतों में कुल मिलाकर 5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। सीएनजी के दाम भी हाल के दिनों में 3 बार में कुल 4 रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ चुके हैं।

विदेशी निवेशकों की गतिविधियां

वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) भारतीय बाजार में शुद्ध सेलर बने हुए हैं। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने शुक्रवार, 22 मई को शुद्ध रूप से 4,440.47 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की।

रुपये की चाल

रुपये की चाल पर भी मार्केट पार्टिसिपेंट्स की नजर बनी रहेगी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी आई। यह 76 पैसे मजबूत होकर 95.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने की उम्मीद और रुपये को संभालने के लिए RBI की ओर से कदम उठाए जा सकने की खबर से घरेलू मुद्रा को थोड़ा सपोर्ट मिला। इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड पर यील्ड में गिरावट से भी रुपये को बल मिला।

LIC पहली बार दे रही है बोनस शेयर, 29 मई रिकॉर्ड डेट; जल्द मिलेगा ₹10/शेयर का डिविडेंड

रिजर्व बैंक का डिविडेंड

भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार, 22 मई को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को रिकॉर्ड 2.87 लाख करोड़ रुपये का डिविडेंड देने की घोषणा की। माना जा रहा है कि इससे सरकार को बढ़ते आयात बिल और पश्चिम एशिया संकट के कारण सप्लाई चेन पर पड़े असर से निपटने में मदद मिलेगी। एनालिस्ट्स के अनुसार, मार्केट पार्टिसिपेंट्स केंद्रीय बैंक के इस रिकॉर्ड डिविडेंड के प्रभाव का आकलन करेंगे, खासकर नकदी, सरकारी खर्च और राजकोषीय स्थिति पर इसके असर को लेकर।

वैश्विक बाजारों का रुख

भारत के अलावा अन्य एशियाई बाजार भी शुक्रवार को हरे निशान में बंद हुए। निक्केई 225 और ताइवान वेटेड 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। जकार्ता कंपोजिट में 1 प्रतिशत की तेजी रही। हेंग सेंग और शंघाई कंपोजिट लगभग 1 प्रतिशत की बढ़त में रहे। KOSPI भी चढ़ा। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त में बंद हुए थे। यूरोपीय बाजारों में भी तेजी रही। अब देखना यह है कि भूराजनीतिक मोर्चे पर सामने आए डेवलपमेंट्स पर वैश्विक बाजार कैसी प्रतिक्रिया देते हैं।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।