Stock Market Today : बाजार पर आज इन खबरों का दिखेगा असर, कोई ट्रेड लेने से पहले इन पर डाल लें एक नजर
Market Today : कल 7 अप्रैल को सेंसेक्स और निफ्टी लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए थे। GIFT निफ्टी ने भारतीय बाजारों के लिए सकारात्मक शुरुआत का संकेत दिए थे। अमेरिका-ईरान संघर्ष विराम के बाद कच्चे तेल की कीमतें गिरीं, जबकि सोने की कीमतों में बढ़त जारी रही
Stock Market : बुधवार को सोने की कीमतों में और तेज़ी आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे ईरान पर बमबारी और हमलों को दो हफ़्तों के लिए रोकने पर सहमत हो गए हैं,जिससे ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी से होने वाली महंगाई का डर कम हुआ है
Market news : भारतीय इक्विटी इंडेक्स BSE सेंसेक्स और Nifty 8 अप्रैल को तेजी के साथ शुरुआत कर सकते हैं। GIFT Nifty और दूसरे ग्लोबल इंडेक्सों में आई तेजी कुछ ऐसे ही संकेत दे रहे हैं। फिलहाल गिफ्ट निफ्टी 674.50 अंक यानी 2.83 फीसदी की बढ़त के साथ 23,805 के आसपास कारोबार कर रहा है। करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूची जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
मार्केट ओवरव्यू
7 अप्रैल को उतार-चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र में,भारतीय इक्विटी इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए और लगातार चौथे सत्र में अपनी बढ़त जारी रखी। IT,मीडिया,मेटल और रियल्टी सेक्टर में खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 23,100 के ऊपर बंद हुआ। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 509.73 अंक या 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,616.58 पर और निफ्टी 155.40 अंक या 0.68 फीसदी की बढ़त के साथ 23,123.65 पर बंद हुआ।
गिफ्ट निफ्टी
सुबह 08:20 बजे के आसपास गिफ्ट निफ्टी 674.50 अंक यानी 2.83 फीसदी की बढ़त के साथ 23,805 के आसपास कारोबार कर रहा था। ये सेंसेक्स-निफ्टी के लिए पॉजिटिव संकेत है।
एशियाई बाजार
एशियाई शेयर बाज़ारों में चौतरफा तेजी देखने को मिल रही है। गिफ्ट निफ्टी 2.83 फीसदी की बढ़त के साथ 23,805 के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं, जापान के निक्केई में 5.09 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। स्ट्रेट टाइम्स भी 0.74 फीसदी की तेजी दिखा रहा है। हैंग सेंग में 2.47 फीसदी और ताइवानी बाजार में 4.30 फीसदी की तेजी दिख रही है। कोस्पी तो करीब 6 फीसदी भाग गया है। वहीं, शांघाई कंपोजिट में 1.48 फीसदी की तेजी नजर आ रही है।
अमेरिकी बाजार
मंगलवार को US के शेयर बाज़ार मिले-जुले रहे। डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 85.42 अंक या 0.18% गिरकर 46,584.46 पर बंद हुआ। वहीं, S&P 500 में 5.02 अंक या 0.08% की बढ़त हुई और यह 6,616.85 पर बंद हुआ। नैस्डैक कम्पोजिट भी 21.51 अंक या 0.10% बढ़कर 22,017.85 पर बंद हुआ।
डॉलर इंडेक्स
बुधवार को एशिया में ट्रेडिंग की शुरुआत में डॉलर दो हफ़्तों के अपने सबसे निचले स्तर पर गिर गया,जबकि यूरो,येन,ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और कीवी में ज़ोरदार उछाल आया। यह उछाल तब आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के साथ दो हफ़्तों के लिए संघर्ष-विराम पर सहमत हो गए हैं।। फिलहाल US डॉलर इंडेक्स 98.98 पर दिख रहा है।
US बॉन्ड यील्ड
US में 10-साल की ट्रेजरी और 2-साल की ट्रेजरी पर यील्ड 4 बेसिस प्वाइंट और 7 बेसिस प्वाइंट गिरकर 4.24% और 3.71% पर आ गई है।
एशियन करेंसी
इंडोनेशियाई रुपिया को छोड़कर,बुधवार की सुबह के कारोबार में बाकी सभी मुद्राओं में बढ़त देखने को मिली। इसमें दक्षिण कोरियाई वॉन सबसे आगे दिख रहा है, जिसके बाद फिलीपीन पेसो और थाई बहत नबंर है।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 7 अप्रैल को ₹8,692 करोड़ के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने लगभग ₹8,000 करोड़ के शेयर खरीदे।
गोल्ड में तेजी
बुधवार को सोने की कीमतों में और तेज़ी आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे ईरान पर बमबारी और हमलों को दो हफ़्तों के लिए रोकने पर सहमत हो गए हैं,जिससे ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी से होने वाली महंगाई का डर कम हुआ है। ऐसे में सोने को सपोर्ट मिला है। कॉमेक्स गोल्ड में 2.46 फीसदी और सिल्वर में 4.71 फीसदी की तेजी दिख रही है।
कच्चा तेल फिसला
बुधवार को तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई है। मध्य-पूर्व में दो हफ़्ते के संघर्ष-विराम से बाज़ार में राहत की लहर दौड़ गई है। निवेशकों ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य से तेल और गैस कारोबार के फिर से शुरू होने की संभावना का स्वागत किया है। फिलहाल ब्रेंट क्रूड में 12.66 फीसदी की और WTI क्रूड में 14.01 फीसदी की गिरावट दिख रही है।
वेस्ट एशिया में बदले हालात के बीच आज सुबह 10 बजे RBI मॉनेटरी पॉलिसी का एलान होगा। CNBC-आवाज़ MPC के मुताबिक इस बार रेपो दरों में कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है। लेकिन कमेंटी पर बाजार की खास नजर रहेगी।
टाइटन ने पेश किए अच्छे Q4 अपडेट
टाइटन ने चौथी तिमाही के अच्छे कारोबारी अपडेट पेश किए हैं। कंपनी के कंज्यूमर कारोबार में 46% की ग्रोथ दिखी है। Q4 में कंपनी ने 47 नए स्टोर खोले हैं।
LIC की बोनस देने की तैयारी
LIC की बोनस शेयर जारी करने की तैयारी है। कंपनी की 13 अप्रैल की बोर्ड बैठक में बोनस शेयर देने पर विचार होगा।