Market news : कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच 30 जुलाई को भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स सुस्ती के साथ खुले हैं। वहीं, कल के कारोबार में भारतीय बाजारों में अच्छी तेजी देखने को मिली थी। करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूची जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
बुधवार को भारतीय शेयर बाजारों में जबरदस्त रिकवरी देखने को मिली थी। रियल्टी इंडेक्स को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर इंडेक्स में अच्छी तेजी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में 1% की बढ़त देखने को मिली। जून तिमाही के अच्छे नतीजों और आज रात आए US फेडरल रिज़र्व के पॉलिसी फैसले से पहले बाजार में दिखी उम्मीद ने निवेशकों का मूड सुधार दिया। कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 888.68 अंक या 1.16 प्रतिशत बढ़कर 77,654.60 पर और निफ्टी 264.85 अंक या 1.10 प्रतिशत बढ़कर 24,250.20 पर बंद हुआ।
शुरुआती कारोबार में GIFT निफ्टी गिरावट के साथ 24,276 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। इससे घरेलू इक्विटी मार्केट में सपाट या निगेटिव शुरुआत के संकेत मिल रहे थे।
एशियाई शेयर बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। गिफ्ट निफ्टी 51 अंक यानी 0.21 फीसदी की गिरावट के साथ 24,250 के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं,जापान के निक्केई में 0.73 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है। स्ट्रेट टाइम्स 0.91 फीसदी की गिरावट दिखा रहा है। हैंग सेंग 0.14 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है। ताइवानी बाजार में 0.73 फीसदी की तेजी दिख रही है। कोस्पी करीब 0.77 फीसदी टूट गया है। वहीं,शांघाई कंपोजिट में 1.15 फीसदी की गिरावट नजर आ रही है।
बुधवार को फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कोई बदलाव न करने बाद वॉल स्ट्रीट में भारी गिरावट आई। S&P 500 में 1.52% की गिरावट आई और यह सत्र के अंत में 7,316.15 अंक पर बंद हुआ। नैस्डैक 1.74% गिरकर 24,442.94 अंक पर आ गया,जबकि डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 2.19% गिरकर 51,594.14 अंक पर बंद हुआ।
गुरुवार को अमेरिकी डॉलर में मजबूती आई है। फिलहाल US डॉलर इंडेक्स 100.86 पर दिख रहा है।
अमेरिका में 10-साल और 2-साल की ट्रेजरी यील्ड में बहुत कम बदलाव हुआ और ये 4.67% और 4.27% पर दिख रही है।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अधिकांश एशियाई करेंसीज में बढ़त देखने को मिल रही है। मलेशियाई रिंगित सबसे मज़बूत दिर रही है। यह पिछली क्लोज़िंग से 0.208% ऊपर कारोबार कर रही है। इंडोनेशियाई रुपिया में भी 0.055% की बढ़त हुई है। इसके बाद चीनी रेनमिनबी (0.040%),फिलीपीन पेसो (0.029%), सिंगापुर डॉलर (0.016%),दक्षिण कोरियाई वॉन (0.014%)और थाई बाह्ट (0.012%) का नबंर है। इसके विपरीत जापानी येन में 0.018% की गिरावट आई है। ताइवान डॉलर भी 0.015% नीचे कारोबार कर रहा है।
विदेशी निवेशकों के रुझान पर एक नजर
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 29 जुलाई को भी खरीदारी जारी रखी और ₹2,981 करोड़ के भारतीय शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने भी नेट खरीदार के तौर पर लगभग ₹1,000 करोड़ का निवेश किया।