Stock Market News : भारतीय बाजारों के लिए ग्लोबल बाजारों से मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। ज्यादातर एशियाई बाजारों तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। गिफ्ट निफ्टी में भी हल्की बढ़त है। हालांकि कल अमेरिकी बाजारों पर मामूली दबाव दिखा था। सोमवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। 10 सालों की अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 9 बेसिस प्वाइंट गिरी थी। बाजार की नजर अगले महीने होने वाली फेड की बैठक पर है। अमेरिकी फेड की बैठक 12-13 दिसंबर को होनी है। करेंसी और इक्विटी बाजारों में आज क्या हो रहा है यह जानने के लिए मनीकंट्रोल के साथ बने रहें। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूचि जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
क्रूड पर दबाव, भाव 80 डॉलर के करीब, 6 महीने की ऊंचाई पर सोना
OPEC+ की बैठक से पहले कच्चे तेल पर दबाव कायम है। इसका भाव 80 डॉलर के करीब दिख रहा है। वहीं डॉलर की कमजोरी से सोना 6 महीने की ऊंचाई पर पहुंच गया है। COMEX पर इसका भाव 2015 डॉलर के पार दिख रहा है। नवंबर में अब तक इसके भाव 1.50 फीसदी चढ़े हैं। डॉलर में गिरावट से सोने को सपोर्ट मिला है। डॉलर इंडेक्स 104 के नीचे कायम है। बाजार को US में दरें बढ़ने की उम्मीद नहीं है।
वॉरेन बफे की निवेश शाखा बीएच इंटरनेशनल होल्डिंग्स ने खुले बाजार लेनदेन के जरिए से अपनी पूरी 2.46 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर पेटीएम ऑपरेटर वन 97 कम्युनिकेशंस से बाहर निकल गई है। वहीं, कॉप्थॉल मॉरीशस और घिसालो मास्टर फंड ने 97 कम्युनिकेशंस में 1.87 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है।
24 नवंबर को भारतीय बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 2,625.21 करोड़ रुपए की खरीदारी की। इस दिन घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 134.46 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
NSE पर F&O बैन में आने वाले शेयर
एनएसई ने 28 नवंबर के लिए BHEL और ग्रैन्यूल्स इंडिया को अपनी F&O प्रतिबंध सूची में शामिल किया है। जबकि बलरामपुर चीनी मिल्स, हिंदुस्तान कॉपर, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस और ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज को इसमें बरकरार रखा। इंडिया सीमेंट्स, मणप्पुरम फाइनेंस, एमसीएक्स इंडिया और आरबीएल बैंक को इस सूची से हटा दिया गया है। बताते चलें कि F&O सेगमेंट में शामिल स्टॉक्स को उस स्थिति में बैन कैटेगरी में डाल दिया जाता है, जिसमें सिक्योरिटीज की पोजीशन उनकी मार्केट वाइड पोजीशन लिमिट से ज्यादा हो जाती है।
TCS पर अमेरिका में लगा 21 करोड़ डॉलर का जुर्माना
TCS पर अमेरिका में एक और झटका लगा है। टेक्सस की एक अदालत ने ट्रेड सीक्रेट मामले में कंपनी पर 21 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया है। TCS इस फैसले को चुनौती देगी।
मारुति की कारें होंगी महंगी
अगले साल जनवरी से मारुति सुजुकी की कारें महंगी होंगी, लागत बढ़ने के चलते कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
साइबर फ्रॉड पर RBI की बैठक
आज बैंकों और पेमेंट एग्रीगेटर के साथ वित्त मंत्रालय और RBI अधिकारियों की अहम बैठक होगी। इसमें साइबर फ्रॉड रोकने के उपायों पर चर्चा होगी।