Stock Market : जियो फाइनेंशियल लिस्टिंग, विदेशी निवेशक तय करेंगे बाजार की दिशा, इन फैक्टर्स का होगा असर

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर 21 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछले महीने जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का डीमर्जर किया था। इसके एक शेयर की कीमत 261.85 रुपये है। यह कीमत 20 जुलाई को स्टॉक एक्सचेंजों पर आयोजित एक घंटे के स्पेशल प्री ओपन सेशन के बाद तय हुआ था

अपडेटेड Aug 20, 2023 पर 3:25 PM
घरेलू शेयर बाजार का रुख इस हफ्ते काफी हद तक वैश्विक रुझानों और विदेशी निवेशकों की चाल से तय होगा।

Dalal Street Week Ahead : कंपनियों के तिमाही नतीजों की घोषणा पूरी होने के साथ घरेलू शेयर बाजार का रुख इस हफ्ते काफी हद तक वैश्विक रुझानों और विदेशी निवेशकों की चाल से तय होगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड और डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत भी बाजार के रुझान को प्रभावित करेगी। पिछले हफ्ते निफ्टी50 118 अंक गिरकर 19,310 पर और BSE सेंसेक्स 374 अंक गिरकर 64,949 पर आ गया। बीते हफ्ते मुख्य रूप में मेटल, बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज, टेक्नोलॉजी, ऑयल और गैस और फार्मा शेयरों में गिरावट देखी गई। यहां हमने उन अहम फैक्टर्स के बारे में बताया है जिनसे इस हफ्ते शेयर बाजार की चाल प्रभावित हो सकती है।

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिस्टिंग

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर 21 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछले महीने जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का डीमर्जर किया था। जियो फाइनेंशियल के एक शेयर की कीमत 261.85 रुपये है। यह कीमत 20 जुलाई को स्टॉक एक्सचेंजों पर आयोजित एक घंटे के स्पेशल प्री ओपन सेशन के बाद तय हुआ था। इस बीच, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज FTSE इंडेक्स में बनी रहेगी और 23 अगस्त को MSCI ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में जुड़ जाएगी।


MPC मीटिंग मिनट्स

बाजार भागीदारों की निगाह 10 अगस्त को संपन्न MPC मीटिंग मिनट्स पर भी रहेगी, जिसे 24 अगस्त को पब्लिश किया जाएगा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि दर में बढ़ोतरी नहीं होगी, लेकिन एक्सपेक्टेड रेट कट साइकल को वित्त वर्ष 2024 की आखिरी तिमाही के मुकाबले FY25 में आगे बढ़ाया जा सकता है। खासकर तब जब भारतीय रिजर्व बैंक ने खाने-पीने की चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए FY24 के लिए सीपीआई इन्फ्लेशन का पूर्वानुमान (पहले के 5.1 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.4 प्रतिशत) बढ़ा दिया है। जुलाई में सीपीआई मुद्रास्फीति जून के 4.87 फीसदी से बढ़कर 7.44 फीसदी हो गई, जो कि उम्मीद से कहीं अधिक है।

जेरोम पॉवेल के भाषण पर होगी नजर

ग्लोबल लेवल पर सभी की निगाहें 24-26 अगस्त के बीच होने वाले जैक्सन होल इकोनॉमिक पॉलिसी में फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल के भाषण पर होगी। पॉवेल 25 अगस्त को कैनसस सिटी फेड द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोलेंगे। जुलाई में फेड फंड दर में 25 बीपीएस बढ़ोतरी के बाद पॉवेल ने पहले ही आगामी पॉलिसी मीटिंग में एक और दर बढ़ोतरी का संकेत दिया। जुलाई में सीपीआई मुद्रास्फीति 3.2 फीसदी और कोर सीपीआई 4.7 प्रतिशत थी।

ग्लोबल इकोनॉमिक डेटा प्वाइंट

यहां हमने इस हफ्ते के प्रमुख ग्लोबल इकोनॉमिक डेटा प्वाइंट दिए हैं

Image319082023

FII का मूड होगा अहम

पिछले तीन महीनों में खरीदारी के बाद FII अगस्त में नेट सेलर्स बन गए। अमेरिकी डॉलर इंडेक्स का 103.43 तक बढ़ना और यूएस 10-वर्षीय ट्रेजरी यील्ड का 4.25 प्रतिशत होना भारत जैसे उभरते बाजारों से एफआईआई की निकासी के प्रमुख कारण हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि निकट भविष्य में भी एफआईआई की बिकवाली जारी रहने की संभावना है, हालांकि DII, FII के आउटफ्लो की भरपाई की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

भारतीय रुपया

भारतीय रुपये में उतार-चढ़ाव जारी है। यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.42 के ऑल टाइम लो पर पहुंच गया और पिछले हफ्ते 83.12 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। शेयर बाजारों में मुनाफावसूली और एफआईआई के आउटफ्लो का भी रुपये पर असर पड़ा, जिससे लगातार चौथे हफ्ते कमजोरी बनी रही। एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी कमजोरी जारी रहेगी।

डोमेस्टिक इकोनॉमिक डेटा प्वाइंट

डोमेस्टिक डेटा के मोर्चे पर 11 अगस्त को समाप्त पखवाड़े के लिए बैंक लोन और डिपॉजिट ग्रोथ डेटा 25 अगस्त को जारी किए जाएंगे। वहीं, 18 अगस्त को समाप्त सप्ताह के लिए फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व भी उसी दिन जारी किए जाएंगे।

IPO

प्राइमरी मार्केट में आने वाले हफ्ते में भी हलचल देखने को मिलेगी। एयरोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज का आईपीओ 22-24 अप्रैल के दौरान खुलने वाला है। इसका साइज 351 करोड़ रुपये है। कंपनी ने 102-108 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।

विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया का 309 करोड़ रुपये का पहला पब्लिक इश्यू 24 अगस्त को खुलने वाला है। इसके लिए 94-99 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय है। पिरामिड टेक्नोप्लास्ट का 153 करोड़ रुपये का आईपीओ 22 अगस्त को बंद हो जाएगा। वहीं, टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस आईपीओ शेड्यूल के अनुसार 23 अगस्त को शेयर बाजार में लिस्ट होगा।

SME सेगमेंट में पावर सॉल्यूशंस कंपनी Sungarner Energies का आईपीओ 21-23 अप्रैल के दौरान सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इसके लिए प्रति शेयर 83 रुपये का ऑफर प्राइस होगा। Shoora Designs का आईपीओ 21 अगस्त को बंद होने वाला है। क्रॉप लाइफ साइंस और Bondada Engineering के पब्लिक इश्यू का अंतिम दिन 22 अगस्त को होगा। शेल्टर फार्मा शेयरों की लिस्टिंग भी अगले सप्ताह 23 अगस्त को होगी।

कॉर्पोरेट एक्शन

अगले सप्ताह होने वाले प्रमुख कॉर्पोरेट एक्शन इस प्रकार हैं:

Image219082023

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।