Stock Markets Closing: भारतीय शेयर बाजार में 21 अप्रैल को शानदार तेजी दिखी। निफ्टी 211 अंक यानी 0.87 फीसदी चढ़कर 24,576 पर बंद हुआ है। सेंसेक्स 0.96 फीसदी यानी 753 प्वाइंट्स के उछाल के साथ 79,273 पर क्लोज हुआ। सुबह में बाजार मजबूती के साथ खुले। उसके बाद पूरे दिन बाजार में अच्छी खरीदारी से रौनक बनी रही। दोनों प्रमुख सूचकांक दिन के अपने हाई लेवल के करीब बंद हुए। इससे बाजार के सेंटीमेंट में इम्प्रूवमेंट का संकेत मिलता है।
छह हफ्तों के सबसे हाई लेवल पर बाजार
21 अप्रैल को आई तेजी से बाजार छह हफ्तों के सबसे हाई लेवल पर पहुंच गया है। इस तेजी में बैंकिंग शेयरों का खास योगदान रहा। आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक जैसे दिग्गज बैंकिंग स्टॉक्स में तेजी दिखी। हालांकि, छोटे-बड़े ज्यादातर शेयरों में तेजी दिखी। खास बात यह है कि ज्यादातर सेक्टर इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा आई तेजी
चढ़ने वाले दिग्गज शेयरों में Nestle India, HUL, Trent, ICICI Bank, Bajaj Finance शामिल रहे। गिरने वाले शेयरों में SBI Life Insurance, Bharat Electronics, Jio Financial, Dr Reddy's Labs और Titan Company शामिल रहे। एफएमसीजी और रियल्टी इंडेक्स में 2-2 फीसदी की तेजी दिखी।
यूएस-ईरान में बातचीत की उम्मीद से सेंटिमेंट पॉजिटिव
क्रूड की कीमतों में नरमी से बाजार का सेंटीमेंट बेहतर हुआ है। उधर, अमेरिका और ईरान में जल्द दूसरे दौर की बातचीत शुरू होने की उम्मीद है। इस उम्मीद से बाजार का सेंटीमेंट पॉजिटिव है। थिनक्रेडिटब्लू सिक्योरिटीज के फाउंडर गौरव उडानी ने कहा कि निफ्टी ने 24,576 का स्ट्रॉन्ग क्लोजिंग दिया है। 24,400 के रेसिस्टेंस जोन से ऊपर निफ्टी का बंद होना इस बात का संकेत है कि बाजार में स्ट्रेंथ है।
बाजार पर बढ़ रही बुल्स की पकड़
उन्होंने कहा कि बाजार पर बुल्स की पकड़ मजबूत पड़ रही है। बाजार की तेजी में निफ्टी बैंक का बड़ा हाथ है। 21 अप्रैल को बैंकिंग शेयरों में अच्छी तेजी दिखी। बाजार की तेजी में कंपनियों के अच्छे नतीजों का भी हाथ है। शनिवार को आईसीआईसीआई बैंक ने अपने मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। 21 अप्रैल को नेस्ले इंडिया ने नतीजों का ऐलान किया। कंपनी के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे। इसका असर इसके शेयरों पर दिखा। नतीजों के बाद कंपनी का शेयर 6 फीसदी तक चढ़ गया।
कंपनियों के नतीजों पर निवेशकों की नजरें
जियोजित इनवेस्टमेंट्स के हेड ऑफ रिसर्च विनोद नायर ने कहा, "यूएस-ईरान के बीच दूसरी दौर की बातचीत शुरू होने की उम्मीद और ग्लोबल मार्केट्स के पॉजिटिव संकेतों से भारतीय शेयर बाजारों में तेजी आई है। एफएमसीजी और रियल्टी शेयरों का तेजी में काफी योगदान रहा। अर्निंग्स अपडेट्स का असर भी बाजार के सेंटीमेंट पर पड़ा है। आरबीआई के फॉरेक्स पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने से बैंकिंग शेयरों में तेजी दिखी। स्मॉलकैप शेयरों का प्रदर्शन बाकी शेयरों से बेहतर रहा। शॉर्ट टर्म में निवेशकों की नजरें कॉर्पोरेट अर्निंग्स पर बनी रहेगी।"