SAIL ने FY26 में बनाया उत्पादन का रिकॉर्ड, एक्सपोर्ट भी 162% बढ़ा, सोमवार को फोकस में रहेगा शेयर

SAIL Share Price: देश की सबसे बड़ी सरकारी स्टील कंपनी, स्टील अथॉरिटीज ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने इतिहास का सबसे शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने इस दौरान उत्पादन और बिक्री दोनों मोर्चों पर नए रिकॉर्ड बनाए हैं, जिससे उसकी बाजार में पकड़ और मजबूत हुई है

अपडेटेड Apr 02, 2026 पर 6:54 PM
Story continues below Advertisement
SAIL ने 19.43 मिलियन टन का अब तक का सबसे अधिक क्रूड स्टील उत्पादन किया

SAIL Share Price: देश की सबसे बड़ी सरकारी स्टील कंपनी, स्टील अथॉरिटीज ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने इतिहास का सबसे शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने इस दौरान उत्पादन और बिक्री दोनों मोर्चों पर नए रिकॉर्ड बनाए हैं, जिससे उसकी बाजार में पकड़ और मजबूत हुई है।

कंपनी ने इस वित्त वर्ष में 20.14 मिलियन टन (MT) की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल के 18.07 मिलियन टन के मुकाबले 11.5% की मजबूत बढ़त को दिखाती है। खास बात यह रही कि यह ग्रोथ किसी एक सेगमेंट तक सीमित नहीं रही, बल्कि सभी प्रोडक्ट कैटेगरी में व्यापक रूप से देखने को मिली।

उत्पादन के मोर्चे पर भी कंपनी ने नया इतिहास रच दिया। SAIL ने 19.43 मिलियन टन का अब तक का सबसे अधिक क्रूड स्टील उत्पादन किया, जबकि बिक्री योग्य स्टील उत्पादन 19.176 मिलियन टन रहा। यह प्रदर्शन कंपनी की बेहतर ऑपरेशनल दक्षता और मजबूत उत्पादन क्षमता को दिखाता है।


कंपनी ने भारतीय रेलवे को 1.25 मिलियन टन की रिकॉर्ड सप्लाई की, जो देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में उसके योगदान को रेखांकित करता है। इसके साथ ही यूनिवर्सल रेल मिल से अब तक का सबसे ज्यादा लंबी रेल उत्पादन भी दर्ज किया गया, जो कंपनी की तकनीकी क्षमता और गुणवत्ता को दिखाता है।

एक्सपोर्ट के मोर्चे पर भी SAIL ने शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी का एक्सपोर्ट 2.9 लाख टन तक पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 162% की जबरदस्त ग्रोथ है। कंपनी ने इस दौरान भूटान जैसे नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, जिससे उसके ग्लोबल विस्तार को बल मिला है।

इन उपलब्धियों के जरिए SAIL ने न केवल अपनी ब्रांड वैल्यू को मजबूत किया है, बल्कि ग्राहकों के बीच अपनी पहुंच भी बढ़ाई है। कंपनी का फोकस ऑपरेशनल एक्सीलेंस, लागत नियंत्रण और बाजार विस्तार पर बना हुआ है, जिससे आने वाले समय में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

CMD अमरेंदु प्रकाश ने दिया इस्तीफा

इस बीच कंपनी के लीडरशिप में बदलाव की खबर भी सामने आई है। SAIL ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, अमरेंदु प्रकाश ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा 2 जनवरी 2026 को इस्पात मंत्रालय को सौंपा गया था, जिसे अब सक्षम प्राधिकरण से मंजूरी मिल गई है।

अमरेंदु प्रकाश 1 अप्रैल 2026 से CMD पद और कंपनी के बोर्ड से अलग हो गए हैं। उनके इस्तीफे के बाद कृष्ण कुमार सिंह को 2 अप्रैल 2026 से तीन महीने के लिए या नए CMD की नियुक्ति तक अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभी तक वे कंपनी के साथ बतौर डायरेक्टर (कार्मिक) जुड़े हुए थे।

शेयर का हालिया प्रदर्शन

अगर शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो, गुरुवार 2 अप्रैल को SAIL के शेयर एनएसई पर 0.91 फीसदी की गिरावट के साथ 154.40 रुपये के स्तर पर बंद हुए। हालांकि इस साल की शुरुआत से अब तक कंपनी के शेयर करीब 4 फीसदी ऊपर रहे हैं। वहीं पिछले एक साल में यह पीएसयू स्टॉक 30% बढ़ चुका है।

यह भी पढ़ें- West Asia Crisis : एनर्जी संकट के चलते रिस्क हाई, ग्लोबल ब्रोकरेज ने घटाई भारत की रेटिंग

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।