Stocks to Buy: डिफेंस, रेलवे और डेटा सेंटर में बड़ा मौका, इन शेयरों पर मोतीलाल ओसवाल बुलिश
Stocks to Buy: ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि डिफेंस, रेलवे, डेटा सेंटर और ट्रांसमिशन सेक्टर में आने वाले वर्षों में बड़े अवसर बन सकते हैं। ब्रोकरेज ने कई कंपनियों पर सकारात्मक राय जताई है। उसका कहना है कि बढ़ते निवेश व ऑर्डर फ्लो से इनका प्रदर्शन मजबूत रह सकता है। जानिए किन कंपनियों पर बुलिश है ब्रोकरेज।
MOFSL के अनुसार Cummins India, ABB India और Siemens Energy जैसी कंपनियां पहले से ही डेटा सेंटर सेक्टर की बढ़ती मांग का फायदा उठा रही हैं।
Stocks to Buy: ब्रोकरेज हाउस Motilal Oswal Financial Services (MOFSL) का मानना है कि इंडस्ट्रियल्स, डिफेंस और रेलवे सेक्टर की कंपनियों के ताजा नतीजे आने वाले वर्षों में मजबूत ग्रोथ की ओर इशारा कर रहे हैं। ब्रोकरेज के मुताबिक ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन (T&D), रिन्यूएबल एनर्जी, डेटा सेंटर और डिफेंस सेक्टर में बड़े मौके बन रहे हैं। इनका फायदा कई कंपनियों को मिल सकता है।
इन शेयरों को बताया पसंदीदा
MOFSL का कहना है कि वह उन कंपनियों को प्राथमिकता दे रहा है, जिनकी कमाई में मजबूत ग्रोथ की संभावना है। लार्जकैप में Larsen & Toubro (L&T), Cummins India और GE Vernova T&D उसके पसंदीदा शेयर हैं।
वहीं मिडकैप में Kalpataru Projects International (KPIL) को पसंद किया गया है। डिफेंस सेक्टर में Bharat Electronics (BEL) सबसे पसंदीदा शेयर बना हुआ है। EMS स्पेस में Dixon Technologies पर ब्रोकरेज का भरोसा कायम है।
पश्चिम एशिया संकट के बाद फायदा
ब्रोकरेज का मानना है कि पश्चिम एशिया में चल रहा संकट खत्म होने के बाद वहां बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग का काम शुरू हो सकता है। इससे ऊर्जा और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियों के लिए नए अवसर बनेंगे। L&T, KPIL और KEC International जैसी कंपनियां इसका फायदा उठा सकती हैं। हालांकि फिलहाल मध्य पूर्व और GCC देशों से ऑर्डर मिलने की रफ्तार कमजोर रह सकती है।
निजी निवेश बढ़ने के संकेत
MOFSL के मुताबिक ABB India, Siemens, Thermax, Triveni Turbine और L&T जैसी कंपनियों ने बताया है कि थर्मल पावर, स्टील, सीमेंट, फार्मा और FMCG जैसे सेक्टरों से निजी निवेश बढ़ रहा है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि निजी निवेश से जुड़े ऑर्डर आने वाले समय में 10% से 15% की दर से बढ़ सकते हैं।
Dixon और Amber पर राय
ब्रोकरेज का कहना है कि Dixon Technologies के लिए Vivo के साथ जॉइंट वेंचर को मिली मंजूरी बड़ा ग्रोथ ट्रिगर साबित हो सकती है। इससे हर साल 1.8 से 2 करोड़ अतिरिक्त स्मार्टफोन के उत्पादन का मौका मिल सकता है।
वहीं Amber Enterprises के लिए एयर कंडीशनर बाजार की मांग मजबूत बनी हुई है। FY27 में इंडस्ट्री की ग्रोथ 12% से 13% रहने का अनुमान है और कंपनी भी इसी रफ्तार से बढ़ने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
डेटा सेंटर से बढ़ रहा कारोबार
MOFSL के अनुसार Cummins India, ABB India, Siemens, Hitachi Energy, GE Vernova T&D India और Siemens Energy जैसी कंपनियां पहले से ही डेटा सेंटर सेक्टर की बढ़ती मांग का फायदा उठा रही हैं। इन कंपनियों की कुल बिक्री में डेटा सेंटर कारोबार की हिस्सेदारी 10% से 15% तक पहुंच चुकी है और आगे इसके और बढ़ने की संभावना है।
ट्रांसमिशन और डिफेंस सेक्टर
ब्रोकरेज का कहना है कि Hitachi Energy, GE Vernova T&D और Siemens Energy जैसी कंपनियां मजबूत ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट पाइपलाइन का लाभ उठा रही हैं। वहीं FY26 में 6 से 7 लाख करोड़ रुपये के रक्षा खरीद प्रस्ताव (AoN) मंजूर किए गए हैं, जिनके अगले 2 से 3 साल में ऑर्डर में बदलने की उम्मीद है।
वैल्यूएशन ऊंचे, लेकिन पॉजिटिव भी
MOFSL का मानना है कि इस समय कैपिटल गुड्स सेक्टर के वैल्यूएशन ऊंचे स्तर पर हैं। इसके बावजूद आने वाले वर्षों में निवेश और ऑर्डर फ्लो बढ़ने से कंपनियां उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। ब्रोकरेज खास तौर पर ट्रांसमिशन, डेटा सेंटर और डिफेंस से जुड़े कैपेक्स का फायदा उठाने वाली कंपनियों को लेकर सकारात्मक बना हुआ है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।