Stocks to Watch: 2 मार्च को इन स्टॉक्स पर रहेगी नजर, अमेरिका-ईरान की जंग में तेज हलचल की उम्मीद

Stocks to Watch: ईरान और इजरायल के बीच लड़ाई की आंच सोमवार को स्टॉक मार्केट खुलने पर भारतीय मार्केट में लिस्टेड शेयरों पर भी दिख सकती है। चौतरफा हाहाकार की आशंकाओं के बीच कुछ खास स्टॉक्स होंगे, जिनमें मिडिल ईस्ट की हलचलों से जुड़ाव के चलते उठा-पटक दिख सकती है। चेक करें पूरी लिस्ट और बनाएं स्ट्रैटेजी

अपडेटेड Mar 01, 2026 पर 2:11 PM
Story continues below Advertisement
Stocks to Watch: कुछ ऐसे स्टॉक्स हैं, जिनमें सोमवार को तेज हलचल दिख सकती है, जैसे कि टूरिज्म सेक्टर के शेयर, मिडिल ईस्ट में एक्सपोजर वाले स्टॉक्स। (File Photo- Pexels)

Stocks to Watch: ईरान और इजरायल के बीच बड़े पैमाने पर जंग छिड़ गई है। अमेरिका ने इजरायल की तरफ से ईरान पर हमला किया और ईरान ने भी मिडिल ईस्ट के कई देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलों से हमला किया। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का ऐलान कर दिया। इन सबकी आंच अब सोमवार 2 मार्च को जब स्टॉक मार्केट खुलेगा तो घरेलू स्टॉक मार्केट पर दिख सकता है। ऐसे में कुछ ऐसे स्टॉक्स हैं, जिनमें सोमवार को तेज हलचल दिख सकती है, जैसे कि टूरिज्म सेक्टर के शेयर, मिडिल ईस्ट में एक्सपोजर वाले स्टॉक्स।

कच्चे तेल से जुड़े स्टॉक्स

ईरान पर अमेरिकी हमले,ईरानी मीडिया के मुताबिक ईरान के सुप्रीम लीडर खामनेई की मौत और होर्मुज स्ट्रेट यानी होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के ऐलान पर कच्चे तेल के भाव में जोरदार तेजी दिख सकती है। कच्चे तेल की तेजी ओएनजीसी और ऑयल इंडिया जैसी तेल निकालने वाली कंपनियों के लिए पॉजिटिव है क्योंकि कीमतों में $1 के उछाल से इनके रेवेन्यू में सालाना ₹300-₹400 करोड़ की बढ़ोतरी हो सकती है।


वहीं दूसरी तरफ कच्चे तेल के भाव में उछाल एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडियन ऑयल के लिए निगेटिव है क्योंकि कीमतों में $1 के उछाल से इनके ऑपरेटिंग प्रॉफिट को ₹200-₹300 करोड़ का झटका लग सकता है। इसके अलावा कच्चे तेल में तेजी पेंट स्टॉक्स और टायर स्टॉक्स के साथ-साथ कच्चे तेल और क्रूड डेरिवेटिव्स का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों के शेयरों पर दिख सकता है क्योंकि कच्चे तेल में तेजी से इनकी लागत बढ़ सकती है और मार्जिन को झटका लग सकता है।

टूरिज्म स्टॉक्स

सोमवार को टूरिज्म से जुड़े शेयरों पर भी नजर रहेगी, चाहे वह इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी विमानन कंपनियां हों या इंडियन होटल्स जैसी होटल कंपनियां हों, या यात्रा और इक्सिगो (ले ट्रैवेन्यूज टेक) जैसी ट्रैवल प्रॉक्सी और बुकिंग कंपनियां हों। इसकी वजह ये है कि कई उड़ानें रद्द हुई हैं और हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया। दुबई हवाई अड्डा दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है और एक प्रमुख पर्यटन केंद्र भी है।

गोल्ड फाइनेंसर्स

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के चलते सोमवार को बाजार खुलने पर निवेश सुरक्षित निवेश की तरफ भागेंगे। ऐसे में सोने-चांदी की चमक बढ़ सकती है। इस कारण मणप्पुरम फाइनेंस और मुथूट फाइनेंस जैसी गोल्ड लोन कंपनियों के साथ-साथ टाइटन, सेन्को गोल्ड और कल्याण ज्वैलर्स जैसी ज्वैलरी कंपनियों पर भी फोकस रहेगा।

मेटल स्टॉक्स

अगर निवेशक सेफ हैवन एसेट की तरफ जाते हैं तो अमेरिकी डॉलर में भी कुछ मजबूती देखने को मिल सकती है। हाल-फिलहाल में ऐसा हुआ तो नहीं है, लेकिन अमेरिकी डॉलर की मजबूत आमतौर पर मेटल्स के लिए निगेटिव होती है। सोमवार को लॉयड्स मेटल, टाटा स्टील, जिंदल स्टील, वेल्सपन कॉर्प, एसएआईएल, अदाणी एंटरप्राइजेज और वेदांता जैसे शेयरों पर नजर रहेगी।

मिडिल ईस्ट में एक्सपोजर वाले स्टॉक्स

ईरान को भारत के निर्यात से कहीं अधिक मिडिल ईस्ट में अहम बिजनेस वाली कंपनियों के शेयरों पर इसका व्यापक असर पड़ेगा। ईरान ने मि़डिल ईस्ट के कई स्थानों पर हमले किए हैं। ऐसे में इस इलाके में अहम कारोबार वाली लार्सन एंड टुब्रो, कल्याण ज्वैलर्स, वेल्सपन कॉर्प और इस क्षेत्र में ऑर्डर हासिल करने वाली केईसी इंटरनेशनल के शेयरों पर सोमवार को नजर रहेगी।

FPI ने फरवरी में भारतीय शेयरों में लगाए ₹22615 करोड़, टूटा 17 महीनों का रिकॉर्ड

22% डिस्काउंट पर होगी Shree Ram Twistex की एंट्री? 43 गुना भरा था IPO, अब झटके की आशंका पर सहमे निवेशक

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।