Subros Ltd Shares: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) के एक ऐलान के बाद मंगलवार 20 जून को सुब्रोस लिमिटेड (Subros Ltd) के शेयरों में 20% की तगड़ी तेजी आई। सुब्रोस लिमिटेड, ऑटोमोटिव एप्लिकेशन के लिए एयर कंडीशनर बनाने वाली देश की प्रमुख कंपनियों में से एक है। दरअसल नितिन गडकरी ने मंगलवार को बताया कि केंद्र सरकार ने ट्रकों में एयर-कंडीशन केबिन अनिवार्य करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी ट्रकों के ड्राइवर-केबिन में एसी अनिवार्य करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। 2025 से सभी ट्रक अब अनिवार्य रूप से एसी केबिन के साथ बाजार में आएंगे।
नितिन गडकरी के इस ऐलान के बाद शेयर में बीएसई पर 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा और यह 434.50 रुपये के अपने नए 52-वीक हाई पर पहुंच गया। कंपनी के शेयरों में पिछले एक साल में 34.63% की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव करीब 51 फीसदी बढ़ा है।
सुब्रोस लिमिटेड के मुताबिक, उसे पार घरेलू ऑफ्टर-मार्केट ऑटोमोटिव एयर कंडीशनिंग कंप्रेसर मार्केट की 15.4 हिस्सेदारी है। वहीं भारतीय पैसेंजर का सेगमेंट में उसका मार्केट शेयर 18.3 फीसदी, जबकि कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में 11.7 फीसदी मार्केट शेयर है।
नितिन गडकरी ने महिंद्रा लॉजिस्टिक्स की ओर से आयोजिक एक कार्यक्रम में कहा, "हमारे ट्रक ड्राइवरों की केबिन में एसी नहीं होती है। 42-44 डिग्री की गर्मी में उनकी हालत काफी खराब हो जाती है। ऐसे मैं जब मंत्री बना तो सोचा कि उनके लिए एसी केबिन बनाने का प्रस्ताव लाया जाए। लेकिन इसके चलते लागत बढ़ेगी, ऐसा कहकर उस समय कुछ लोगों ने उस समय काफी विरोध किया। लेकिन आज में आपको बताना चाहूंगा कि इस कार्यक्रम में आने से पहले उस फाइल पर साइन कर दिया है। अब ट्रक डाइवरों के केबिन में एसी होगा।"
इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए ट्रक कंपनियों को 18 महीने का समय दिया गया है। उन्होंने कहा, "हमारा ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक सिस्टम देश की अर्थव्यवस्था के लिए काफी अहम है। हमें अगर अपने देश का एक्सपोर्ट बढ़ाना है, तो निश्चित तौर पर हमें अपना लॉजिस्टिक्स कॉस्ट कम करना होगा। इस लागत को कम करने के लिए हम जितने अच्छे रोड चाहिए, उतने ही अच्छे ट्रक और ड्राइवर भी चाहिए। तीनों के सहयोग से ही यह पूरा हो सकता है।"