6 दिसंबर यानी आज के कारोबार में शुगर कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक 1 अक्टूबर से शुरू शुगर मार्केटिंग ईयर में भारत में शुगर उत्पादन में 7 फीसदी की गिरावट देखने को मिल सकती है। रॉयटर्स की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में कम गन्ने की उपज के कारण चीनी उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है। महाराष्ट्र में औसतन किसानों को उपज में 15 फीसदी और कुछ क्षेत्रों में 35 फीसदी तक की गिरावट का सामना करना पड़ रहा है।
अत्यधिक गर्मी और भारी मानसूनी बारिश के कारण उनकी गन्ने की फसल खराब हुई है
खराब मौसमी स्थिति गन्ने की पैदावार में आश्चर्यजनक गिरावट के लिए जिम्मेदार है। किसानों ने इस साल की शुरुआत में कहा था कि अत्यधिक गर्मी और भारी मानसूनी बारिश के कारण उनकी गन्ने की फसल खराब हुई है। अनुमान है कि 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले नए चीनी वर्ष में देश के कुल गन्ना उत्पादन में एक तिहाई हिस्सेदारी रखने वाले महाराष्ट्र का चीनी उत्पादन घटकर 11.7 मिलियन टन पर आ सकता है।
देश में गन्ने के उत्पादन में तेज गिरावट से देश के चीनी निर्यात पर असर पड़ेगा
महाराष्ट्र, जो देश के उत्पादन का एक तिहाई हिस्सा है, 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले नए चीनी वर्ष में इसका उत्पादन घटकर 11.7 मिलियन टन रह सकता है। पहले इसके 13.8 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर रहने का अनुमान किया गया था। जानकारों का मानना है कि देश में गन्ने के उत्पादन में तेज गिरावट से देश के चीनी निर्यात पर असर पड़ेगा और चीनी की वैश्विक कीमतों में तेजी आएगी। बता दें कि भारत चीनी का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है।
एक्सपोर्ट कोटे में कटौती मुमकिन
रॉयटर्स की रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि उत्पादन में गिरावट की स्थिति में, सरकार 27.5 मिलियन टन की घरेलू मांग को पूरा करने के लिए और देश में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए एक्सपोर्ट में कटौती कर सकती है। इस खबर के चलते आज Ponni Sugars, Avadh Sugar, Simbhaoli Sugars, Shree Renuka Sugars और Balrampur Chini Mills जैसे शुगर शेयरों में इंट्राडे में 1-12 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली।