Sun Pharma Share: अच्छे तिमाही नतीजों के बावजूद आज फार्मा कंपनी सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के शेयर इंट्राडे में 2 फीसदी तक की गिरावट दिखाते नजर आए। हालांकि ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने स्टॉक पर "Hold" रेटिंग की राय दी है और शेयर के लिए 1820 रुपये प्रति शेयर का लक्ष्य दिया है। 12.45 बजे के आसपास सन फार्मा का शेयर एनएसई पर 1.41 फीसदी की गिरावट के साथ 1876.30 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है। कल ही कंपनी ने अपनी दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए थे। जिसके मुताबिक जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़ा। कंपनी ने इस अवधि में 3040 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे बाजार के अनुमान से बेहतर हैं।
बता दें कि कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू भी 9 फीसदी बढ़कर 13291 करोड़ रुपये हो गया, जो 13299 करोड़ रुपये के पोल अनुमान के मुताबिक है। घरेलू बिक्री 11 फीसदी बढ़कर 4265 करोड़ रुपये हो गई, जो कुल रेवेन्यू का 32 फीसदी है। कंपनी ने इस तिमाही में 14 नए प्रोडक्ट लॉन्च किए, जिससे मार्केट लीडर के रूप में कंपनी की स्थिति मजबूत हुई और शेयर में 8.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
सीएलएसए ने सन फार्मा पर "Hold" कॉल दी है। सीएलएसए ने अपने नोट में कहा है कि कंपनी के Q2 नतीजे अनुमान के मुताबिक रहे है। दूसरी तिमाही में कंपनी की US और gRevlimid बिक्री मजबूत रही है। सीएलएसए ने स्टॉक पर 1820 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी की सितंबर तिमाही में बिक्री अनुमानों के मुताबिक रही, जबकि ऑपरेटिंग मुनाफा (EBITDA) और शुद्ध मुनाफा (PAT) अनुमान से बेहतर रहे, जो R&D खर्चों में कमी के कारण हुआ। gRevlimid और स्पेशियलिटी के मजबूत प्रदर्शन के चलते अमेरिका में इसकी ग्रोथ अच्छी रही। भारत में भी वॉल्यूम 11 फीसदी की दर से बढ़ा। FY25 के लिए R&D गाइडेंस को धीमी क्लीनिकल ट्रायल के कारण कम किया गया। इसके अलावा कंपनी Leqselvi के लॉन्च के लिए तैयार है और Specialty में अधिक डील पूरे करने की अच्छी स्थिति में है, जो इसकी ग्रोथ संभावनाओं को मजबूत करता है।
सन फार्मा के शेयर ने 2024 में अब तक अपने निवेशकों को 48.87 फीसदी का रिटर्न दिया है। स्टॉक का 52 वीक हाई 1,960.35 रुपये पर है जबकि इसका 52 वीक लो 1,068.35 रुपये पर है। 1 हफ्ते में शेयर में 0.69 फीसदी की गिरावट आई। जबकि 1 महीने में शेयर 3.80 फीसदी टूटा है।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।