Suzlon Energy Shares: सुजलॉन एनर्जी के स्टॉक में आपको क्या करना चाहिए? प्रकाश गाबा, जो एक जाने-माने टेक्निकल एनालिस्ट हैं, उनका कहना है कि सुजलॉन एनर्जी के शेयर 96 रुपये तक पहुंच सकते हैं। लेकिन साथ में उन्होंने यह भी कहा कि अगर आपने इस स्टॉक में मुनाफा बनाया है, तो आपको इस स्तर पर कम से कम 50 फीसदी मुनाफा बुक कर लेना चाहिए। उन्होंने ऐसा क्यों कहा और सुजलॉन के स्टॉक को लेकर आगे कैसा ट्रेंड रहेगा? आइए जानते हैं
सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में लगातार तेजी का दौर जारी है। पिछले चार दिनों इस स्टॉक में लगातार 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा। यहां तक कि कल जब हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट के बाद स्टॉक मार्केट में उठापटक चल रहा था, तब भी इसने 5 फीसदी की अपनी अपर सर्किट सीमा को छुआ। आज भी यह स्टॉक, लगातार 5वें दिन हरे निशान में बंद हुआ, जो बताता है कि इसका अपट्रेंड कितना मजबूत है।
हालांकि टेक्निकल एनालिस्ट्स प्रकाश गाबा ने यहां निवेशकों को थोड़ा सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि सुजलॉन एनर्जी के चार्ट थोड़े स्ट्रेच यानी खिंचे हुए लग रहे हैं और आगे 100 रुपये का स्तर इसके लिए एक मनोवैज्ञानिक बैरियर हो सकता है, जहां पर मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। ऐसे में अपने मुनाफा को बचाना जरूरी है।
गाबा ने हमारे सहयोगी न्यूज चैनल 'CNBC-आवाज' पर एक दर्शक के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जिन लोगों ने इस स्टॉक में मुनाफा बनाया है, उन निवेशकों को 50% प्रॉफिट बुक कर लेना चाहिए और बाकी शेयरों को 96 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ होल्ड करना चाहिए।
टेक्निकल चार्ट्स की बात करें, तो सुजलॉन के रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) ने 80 का स्तर पार कर लिया है और अभी 81 पर है। आमतौर पर, जब RSI 70 के ऊपर जाता है, तो उसे 'ओवरबॉट' यानी की बहुत ज्यादा खरीदारी वाला जोन माना जाता है। ऐसे में प्रॉफिट बुकिंग की संभावना बढ़ जाती है।
इस बीच सुजलॉन के शेयरों ने पिछले पांच महीनों से लगातार पॉजिटिव रिटर्न दिया है। जुलाई में 31%, जून में 11%, मई में 14% और अप्रैल में इसमें 3% की तेजी। इस महीने भी ये शेयर अबतक करीब 20% ऊपर जा चुका है।
ट्रेडबुल्स सिक्योरिटीज के सच्चितानंद उत्तेकर का कहना है कि सुजलॉन के स्टॉक ने पिछले 11 सालों के एक्यूमिलेशन जोन से बाहर निकलने में सफलता पाई है और इसका मौजूदा अपट्रेंड 95 से 115 रुपये के जोन तक जारी रह सकता है। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी है कि अगर ये शेयर 62 रुपये से नीचे बंद होता है, तो ही पोजीशन से बाहर निकलने पर विचार करें।
सुजलॉन एनर्जी के स्टॉक में हालिया रैली बीते 21 जुलाई से शुरू हुई, जब कंपनी ने अपने जून तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 199 फीसदी बढ़कर 302 करोड़ रुपये रहा, जबकि रेवेन्यू 50 पर्सेंट बढ़कर 2,106 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके अलावा, सुजलॉन ने पिछले हफ्ते 6 अगस्त को रेनोम एनर्जी सर्विसेज में बहुमत हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया, जिसने इसके शेयरों को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा दिया। फिलहाल इसके शेयरों के उच्चतम स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।