Suzlon Share Price: विंड टर्बाईन बनाने वाली सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) के शेयरों में आज खरीदारी का शानदार रुझान दिखा। इसके शेयरों को दो वजहों से सपोर्ट मिल रहा है। एक तो ये कि वैश्विक ग्लोबल इंडेक्स MSCI ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में यह शामिल हुआ है और दूसरा ये कि इसके एक विंड टर्बाईन को सरकार ने लिस्ट किया है जिससे इसके कॉमर्शियलाइजेशन का रास्ता तैयार हुआ है। इन दोनों वजहों से शेयरों को शानदार सपोर्ट मिला और इंट्रा-डे में बीएसई पर 4.96 फीसदी उछलकर 42.50 रुपये पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी नरमी तो आई है लेकिन अभी भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। बीएसई पर आज यह 3.88 फीसदी की मजबूती के साथ 42.06 रुपये पर बंद हुआ है।
लिस्ट में शामिल होने से बनाया कॉमर्शियल प्रोडक्शन का रास्ता
सुजलॉन एनर्जी के एस144, 3 मेगावॉट-3.15 मेगावॉट विंड टर्बाईन सीरीज को न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी मिनिस्ट्री की मॉडल्स एंड मैनुफैक्चरर्स लिस्ट में शामिल कर लिया गया है। कंपनी ने आज एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी है। कंपनी पहले ही गुजरात के गोंडाल में एक हाइब्रिड लैट्टिस ट्यूब्यूलर (HLT) के साथ 160 मीटर की ऊंचाई पर इस सीरीज का प्रोटोटाइप इंस्टॉल कर चुकी है। ऐसे में अब सरकारी लिस्ट में शामिल होने के बाद इस प्रोडक्ट के कॉमर्शियलाइजेशन का रास्ता सफलतापूर्वक तैयार हो गया है। इसने शेयरों को शानदार सपोर्ट दिया है।
MSCI के वैश्विक इंडेक्स में Suzlon के शामिल होने से क्या होगा?
एक दिन पहले सुजलॉन MSCI ग्लोबल स्टैंडर्ड इंडेक्स में शामिल हुआ। इस इंडेक्स में शामिल होने का पॉजिटिव असर इसलिए पड़ा क्योंकि सुजलॉन में अब भारी-भरकम निवेश आ सकता है। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक इस इंडेक्स में शामिल होने के बाद अब सुजलॉन में 26.4 करोड़ डॉलर का निवेश आ सकता है।