Swaraj Engines Share Price: स्वराज इंजन्स के शेयर में 18 जुलाई को इंट्रा डे के दौरान 11 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली और 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। हालांकि बाद में तेजी 4 प्रतिशत के दायरे में सिमट गई। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 की अप्रैल-जून तिमाही के लिए वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। मुनाफे और रेवेन्यू में वृद्धि दर्ज की गई है।
स्वराज इंजन्स का शेयर सुबह बीएसई पर बढ़त के साथ 2917.85 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से करीब 11 प्रतिशत तक चढ़कर 3200 रुपये के हाई तक गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। कारोबार बंद होने पर शेयर 4.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3010.35 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 3600 करोड़ रुपये हो गया है।
कितना रहा मुनाफा और रेवेन्यू
स्वराज इंजन्स का अप्रैल-जून 2024 तिमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 4.5 प्रतिशत बढ़कर 417.99 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 399.83 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 5.5 प्रतिशत बढ़कर 43.19 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2023 तिमाही में 40.92 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024 के दौरान स्वराज इंजन का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 1419.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 137.87 करोड़ रुपये रहा।
एक साल में स्वराज इंजन्स का शेयर 45 प्रतिशत मजबूत
पिछले एक साल में स्वराज इंजन्स के शेयर की कीमत 45 प्रतिशत चढ़ी है। 6 महीने के अंदर शेयर 29 प्रतिशत भागा है। जून 2024 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 52.12 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 47.88 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। जून तिमाही में कंपनी के कुल खर्च सालाना आधार पर 4.3 प्रतिशत बढ़कर 364.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गए।