Taiwan Stock Market: पूरी दुनिया जहां मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान युद्ध की आहट से सहमी हुई है, वहीं एशिया के एक शेयर बाजार ने 14 अप्रैल को नया इतिहास रच दिया है। संकट के बीच ताइवान का शेयर बाजार न केवल अपने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ चुका है, बल्कि इसने युद्ध के दौरान हुए भारी नुकसान की भी पूरी तरह भरपाई कर ली है।
Taiex इंडेक्स की ऐतिहासिक छलांग
मंगलवार को ताइवान का बेंचमार्क इंडेक्स Taiex करीब 2% की बढ़त के साथ बंद हुआ। इंडेक्स ने 26 फरवरी 2026 के अपने पिछले रिकॉर्ड को पार कर लिया है। गौर करने वाली बात यह है कि यह रिकॉर्ड ईरान युद्ध शुरू होने के ठीक एक दिन पहले बना था। साल 2026 में अब तक ताइवान के बाजार ने 25% का रिटर्न दिया है, जो 'MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स' (9.7%) की तुलना में कहीं ज्यादा है।
AI और TSMC का जादू बरकरार
बाजार की इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (AI) को लेकर निवेशकों का भरोसा है। दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी TSMC के शेयरों में 1.5% की तेजी देखी गई जिससे बाजार नई ऊंचाई पर पहुंच गया। निवेशक एक बार फिर 'प्री-ईरान वॉर' थीम यानी AI और सेमीकंडक्टर शेयरों पर दांव लगा रहे हैं। मार्च में ईंधन की बढ़ती कीमतों और सप्लाई चेन की दिक्कतों की वजह से जो टेक स्टॉक्स गिरे थे, वे अब फिर से चमक रहे हैं।
चीन की 'गुडविल' का दिखा असर
बाजार में इस भरोसे की एक बड़ी वजह राजनीतिक मोर्चे पर आई शांति भी है। रविवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ताइवान के विपक्षी नेता चेंग ली-वुन के बीच हुई मुलाकात के बाद चीन ने ताइवान के प्रति 'सद्भावना' दिखाई है। चीन ने ताइवानी कृषि और मत्स्य उत्पादों की बिक्री को आसान बनाने, मुख्य भूमि चीन में निवेश को बढ़ावा देने और कुछ पर्यटन गतिविधियों को फिर से शुरू करने का ऐलान किया है।