Taking Stock: शानदार तेजी के साथ निफ्टी वापस 18,000 के पार, जाने मंगलवार को कैसी रहेगी बाजार की चाल

शेयर बाजार में पिछले 4 दिनों से चली आ रही गिरावट आज थम गई और बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी (Nifty) वापस 18,000 के स्तर ऊपर पहुंच गया। BSE मिडकैप इंडेक्स में 2.3 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 3 फीसदी की तेजी आई। PSU बैंक इंडेक्स में सबसे अधिक 7.3 प्रतिशत की तेजी देखी गई

अपडेटेड Dec 26, 2022 पर 6:25 PM
किसी बड़ी ग्लोबल घटना की अनुपस्थिति में शेयर बाजार के पॉजिटिव बने रहने का अनुमान है

Stock Market Today: शेयर बाजार में पिछले 4 दिनों से चली आ रही गिरावट आज थम गई और बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी (Nifty) तो वापस 18,000 के स्तर ऊपर पहुंच गया। फार्मा छोड़कर लगभग सभी सेक्टर में अच्छी खरीदारी देखने मिली। कारोबार खत्म होते समय सेंसेक्स (Sensex) 721.13 अंक या 1.20 फीसदी बढ़कर 60,566.42 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 207.80 अंक या करीब 1.17 फीसदी बढ़कर 18,014.60 के स्तर पर बंद हुआ। बॉम्ब स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टेड करीब 2,787 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 733 शेयरों में गिरावट देखी गई, जबकि 129 शेयर बिना किसी बदलाव के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार की शुरुआत सपाट रही थी, लेकिन इसके बाद इसमें तेजी देखी और निफ्टी दिन के कारोबार के दौरान 18,100 के स्तर तक पहुंच गया था।

जियोजित फाइनेंशियल (Geojit Financial) के रिसर्च हेड, विनोद नायर ने कहा, "चार दिनों की बिकवाली के बाद, घरेलू बाजार आज निचले स्तर को छू लेने और ग्लोबल शेयर बाजारों में मजबूती के संकेतों से उछल गए। सरकारी बैंकों के शेयरों ने आज की तेजी की अगुआई की। वहीं मिड और स्मॉल-कैप शेयरों ने भी बेंचमार्क इंडेक्सों से अधिक उछाल दर्ज किया।"


नायर ने कहा, "हालांकि आज के उछाल के बावजूद मंदी और कोरोना वायरस के प्रसार को लेकर ग्लोबल स्तर पर चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं, जो बाजार में आगे अस्थिरता को बनाए रखेंगी।"

यह भी पढ़ें- Share Market: शेयर बाजार में उछाल से आज निवेशकों ने 6 लाख करोड़ रुपये कमाए, 374 शेयरों में लगा अपर सर्किट

सेक्टरोल इंडेक्स का प्रदर्शन

निफ्टी में सबसे ज्यादा तेजी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), इंडसइंड बैंक, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील और कोल इंडिया के शेयरों में रही। वहीं इसके उलट डिवीज लैबोरेटरीज, सिप्ला, डॉ रेड्डीज रैबोलेटरीज, नेस्ले इंडिया और टाटा कंज्यूमर के शेयरों में आज सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली।

फार्मा (0.8 प्रतिशत नीचे) को छोड़कर आज बाकी सभी सेक्टर के इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। इसमें भी PSU बैंक इंडेक्स में सबसे अधिक 7.3 प्रतिशत की तेजी देखी गई। निफ्टी बैंक, एनर्जी और मेटल इंडेक्स में 2 फीसदी की तेजी रही।

BSE मिडकैप इंडेक्स में 2.3 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 3 फीसदी की तेजी आई।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर पावर, रियल्टी, बैंक और मेटल्स इंडेक्स आज जहां 2 से 3 फीसदी चढ़कर बंद हुए। वहीं ऑटो, कैपिटल गुड्स, FMCG, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स करीब 1.1.8 प्रतिशत तक ऊपर थे। हालांकि, हेल्थकेयर इंडेक्स करीब 0.45 फीसदी गिर गया।

मंगलवार 27 दिसंबर को कैसी रह सकती है बाजार की चाल-

सिद्धार्थ खेमका, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में रिटेल रिसर्च के हेड

पिछले हफ्ते तेज बिकवाली के बाद भारतीय शेयर बाजारों में जोरदार रिकवरी देखी गई। निफ्टी बढ़त के साथ खुला और पूरे कारोबार में मजबूती के साथ बने रहने के बाद 208 अंक (+1.2%) के लाभ के साथ 18015 के स्तर पर बंद हुआ। लगातार 3 सप्ताह की गिरावट के बाद ब्रॉडर मार्केट में आज रिकवरी दिखी। निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 दोनों ने क्रमश: 2.7% और 3.8% की बढ़त के साथ निफ्टी से बेहतर प्रदर्शन किया।

फार्मा को छोड़कर सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में निफ्टी में 3% की तेज गिरावट के बाद, निचले स्तर पर आज वैल्यू आधारित खरीदारी देखने को मिली।

साल के अंत में छुट्टियों के कारण किसी बड़ी ग्लोबल घटना की उम्मीद कम है। ऐसे में हमारा अनुमान है कि बाजार ऐसी घटनाओं की अनुपस्थिति में पॉजिटिव बने रहेंगे। हम उम्मीद करते हैं कि निकट भविष्य में बैंक, ऑटो, कैपिटल गुड्स और डिफेंस सेक्टर पर फोकस बढ़ेगा।

गौरव रत्नपर्खी, BNP पारिबा बाय शेयरखान में टेक्निकल रिसर्च हेड

पिछले सप्ताह निफ्टी में तेज गिरावट देखी गई जिसने इंट्राडे मोमेंटम इंडिकेटर्स को ओवरसोल्ड जोन में धकेल दिया था। Fibonacci रिट्रेसमेंट के संदर्भ में बात करें तो, इंडेक्स सितंबर 2022 से दिसंबर 2022 तक रैली के 50% रिट्रेसमेंट में पहुंच गया था। इसके चलते इंडेक्स में 26 दिसंबर को तेज उछाल आया।

शुक्रवार को जो ट्रेडलाइन टूट गया था, आज वह फिर से ऊपर चला गया है। इस तरह निकट अवधि में 18,100-18,200 का स्तर रेजिस्टेंस के रूप में बना रहेगा, जो इंडेक्स के लिए आगे की कार्रवाई तय करेगा। ओवरऑल स्ट्रक्चर से पता चलता है कि निफ्टी में 17,800 पर मुख्य सपोर्ट के साथ शॉर्ट-टर्म में कंलॉलिडेशन दिखने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।