Tata Capital Q2 Results: टाटा की कंपनी मुनाफा 51% बढ़कर ₹1660 करोड़, लोन बुक ₹3 लाख करोड़ के पार

Tata Capital Q2 Results: टाटा कैपिटल का मुनाफा सितंबर तिमाही में 51% बढ़कर ₹1,660 करोड़ पहुंच गया। कंपनी की लोन बुक भी ₹3 लाख करोड़ के पार निकल गई। AI के इस्तेमाल से लोन प्रोसेसिंग तेज हुई है। अब निवेशकों की नजर शेयर पर रहेगी।

अपडेटेड Oct 27, 2026 पर 6:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
टाटा कैपिटल का शेयर सोमवार को रिजल्ट से पहले 1.15% बढ़कर 303 रुपये पर बंद हुआ।

Tata Capital Q2 Results: टाटा ग्रुप की NBFC कंपनी Tata Capital ने सितंबर तिमाही में दमदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 51.32% बढ़कर ₹1,660 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹1,097 करोड़ था। वहीं, कंपनी का रेवेन्यू भी 20.7% बढ़कर ₹9,342 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल यह ₹7,739 करोड़ था।

AUM में 26% की बढ़ोतरी

Tata Capital का AUM यानी कंपनी की ओर से मैनेज की जा रही कुल रकम 26% बढ़कर ₹3,08,030 करोड़ हो गई। एक साल पहले यह ₹2,43,896 करोड़ थी। मोटर फाइनेंस को हटा दें, तो AUM में 32% की बढ़ोतरी हुई। कंपनी के कुल लोन में रिटेल और छोटे कारोबारियों (SME) को दिए गए कर्ज की हिस्सेदारी 85.4% रही। ज्यादा मार्जिन वाले रिटेल लोन की हिस्सेदारी करीब 25% थी।


कंपनी की नेट टोटल इनकम 24% बढ़कर ₹4,676 करोड़ हो गई। पिछले साल यह ₹3,774 करोड़ थी। वहीं, कॉस्ट-टू-इनकम रेशियो 39.7% से घटकर 35.3% रह गया। क्रेडिट कॉस्ट भी 1.3% से घटकर 0.9% पर आ गई। रिटर्न ऑन एसेट्स (ROA) 1.9% से बढ़कर 2.3% और रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 13% से बढ़कर 14% हो गया।

लोन बुक ₹3 लाख करोड़ के पार

टाटा कैपिटल की लोन बुक सितंबर तिमाही में ₹3 लाख करोड़ के पार पहुंच गई। 30 सितंबर 2026 तक उसके ग्रॉस स्टेज-3 एसेट्स 1.9% और नेट स्टेज-3 एसेट्स 0.8% रहे। कंपनी की कुल इक्विटी ₹47,778 करोड़ थी। वहीं, कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो 17.3% रहा। देशभर में कंपनी की 1,515 ब्रांच हैं, जो 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैली हैं।

हाउसिंग फाइनेंस बिजनेस का भी अच्छा प्रदर्शन

Tata Capital की हाउसिंग फाइनेंस कंपनी का AUM 26% बढ़कर ₹95,098 करोड़ हो गया। इसका नेट प्रॉफिट भी 26% बढ़कर ₹552 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल यह ₹440 करोड़ था। वहीं, इस कारोबार की नेट टोटल इनकम 21% बढ़कर ₹1,089 करोड़ रही।

टाटा कैपिटल के मैनेजमेंट ने क्या कहा

टाटा कैपिटल के MD और CEO राजीव सभरवाल ने कहा कि तिमाही में लोन बुक ₹3 लाख करोड़ के पार पहुंच गई। उन्होंने बताया कि 70% से ज्यादा रिटेल एप्लिकेशन अब AI की मदद से प्रोसेस हो रहे हैं। वहीं, पर्सनल और बिजनेस लोन के 95% से ज्यादा मामलों में AI का इस्तेमाल हो रहा है। इससे लोन की प्रक्रिया पूरी करने में लगने वाला समय 39% से ज्यादा घटा है।

टाटा कैपिटल का शेयर सोमवार को रिजल्ट से पहले 1.15% बढ़कर 303 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 साल में स्टॉक 7.87% टूटा है।

Raymond Q2 Results: कपड़ा कंपनी का प्रॉफिट 130% बढ़ा, डिफेंस बिजनेस की कमाई में 72% उछाल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।