टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कैपिटल के शेयरों में 29 अक्तूबर को जबर्दस्त तेजी दिखी। यह शेयर 5 फीसदी से ज्यादा चढ़कर बंद हुआ। कंपनी का प्रदर्शन सितंबर तिमाही में अच्छा रहा। इसके बाद ब्रोकरेज फर्मों ने इसके शेयरों पर पॉजिटिव राय जताई है। उनका मानना है आगे भी कंपनी का अच्छा प्रदर्शन जारी रह सकता है।
गुरुवार को शेयर में जबर्दस्त तेजी
Tata Capital का शेयर 29 अक्तूबर को बीएसई पर 308 रुपये पर खुला। फिर यह एक समय 6 फीसदी चढ़कर 328.50 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में तेजी थोड़ी सुस्त पड़ी। कंपनी ने 27 अक्तूबर को सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। इस दौरा्न कंपनी के नेट प्रॉफिट की ग्रोथ अच्छी रही। एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) में भी इजाफा हुआ।
सितंबर तिमाही में शानदार प्रदर्शन
दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 51 फीसदी बढ़कर 1,660 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 1,097 करोड़ रुपये का प्रॉफिट कमाया था। एनबीएफसी का एसेट अंडर मैनेजमेंट इस दौरान बढ़कर 3,08,030 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह साल दर साल आधार पर 26 फीसदी ग्रोथ है।
जेएम फाइनेंशियल की खरीदने की सलाह
ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल ने टाटा कैपिटल के शेयर को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर के लिए 400 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि सितंबर तिमाही में टैक्स बाद कंपनी का प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 64 फीसदी बढ़ा, जबकि तिमाही दर तिमाही आधार पर 13 फीसदी बढ़ा। यह 12 फीसदी के अनुमान से ज्यादा है।
नुवामा ने शेयर पर बाय रेटिंग बनाए रखी
ब्रोकरेज फर्म ने हालांकि नेट इंटरेस्ट मार्जिन को बड़ी चिंता बताई है। सिस्टमैटिक्स इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने भी टाटा कैपिटल के शेयर पर अपनी 'बाय' रेटिंग बनाए रखी है। उसने भी शेयर के लिए 400 रुपये का टारगेट दिया है। कंपनी की एसेट क्वालिटी स्टेबल बनी हुई है। विदेशी ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने भी इस शेयर पर अपनी बाय रेटिंग बनाए रखी है। लेकिन, उसने शेयर के टारगेट प्राइस को 415 रुपये से घटाकर 400 रुपये कर दिया है।
एक साल पहले आया था कंपनी का शेयर
टाटा कैपिटल का आईपीओ करीब एक साल पहले आया था। कंपनी का आईपीओ 15,511 करोड़ रुपये का था। कंपनी ने 326 रुपये के प्राइस पर आईपीओ में इनवेस्टर्स को शेयर एलॉट किए थे। शेयर हल्के प्रीमियम के साथ 330 रुपये पर लिस्ट हुए थे। इसका मतलब है कि इस शेयर ने बीते एक साल में कोई रिटर्न नहीं दिया है। 29 अक्तूबर को शेयर 5.08 फीसदी चढ़कर 325 रुपये पर बंद हुआ।