Tata Consumer Products share price: टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में आज 21 अक्टूबर को 9 फीसदी से अधिक की गिरावट देखी गई। इस समय यह स्टॉक BSE पर 7 फीसदी टूटकर 1018 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। कंपनी ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे। कमजोर नतीजों का असर आज कंपनी के शेयरों पर देखने को मिला और यह यह निफ्टी 50 इंडेक्स पर टॉप लूजर्स शेयरों में से एक है। फरवरी 2022 के बाद से यह स्टॉक में सबसे बड़ी गिरावट है।
कैसे रहे Tata Consumer Products के तिमाही नतीजे
टाटा कंज्यूमर के इंडिया बेवरेज बिजनेस रेवेन्यू में पिछले वर्ष की तुलना में 3% की गिरावट आई है और मांग में कमी के कारण वॉल्यूम में सालाना 4% की गिरावट आई है। कंपनी की टी मार्केट शेयर में 20 बेसिस प्वाइंट की गिरावट आई है। अनफेवरेबल वेदर और कंपटीटिव प्राइसिंग एक्शन के कारण कंपनी के रेडी-टू-ड्रिंक बिजनेस में सालाना 11 फीसदी की गिरावट देखी गई।
तिमाही के दौरान टाटा कंज्यूमर के ग्रोथ बिजनेस में 15% की वृद्धि हुई। हालांकि, स्टॉक पर नजर रखने वाले एनालिस्ट्स ने इस बिजनेस के लिए 30% की वृद्धि का अनुमान लगाया था। फूड बिजनेस की बात करें तो तिमाही के दौरान ऑर्गेनिक रेवेन्यू में 9% की वृद्धि हुई, जबकि वॉल्यूम में केवल 1% की वृद्धि हुई।
पॉजिटिव पहलुओं में टाटा कंज्यूमर का इंटरनेशनल बिजनेस शामिल है, जहां मार्जिन पिछले साल की समान तिमाही के 10.1% से बढ़कर 15% हो गया। इसके दो प्रमुख हालिया अधिग्रहणों, कैपिटल फूड्स और ऑर्गेनिक इंडिया में सितंबर तिमाही के दौरान तिमाही आधार पर 25% और 45% की वृद्धि हुई।
नतीजों के बाद Tata Consumer पर ब्रोकरेज की राय
ICICI सिक्योरिटीज ने टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों को "Buy" से डाउनग्रेड करते हुए "Add" कर दिया है। इसके अलावा, टारगेट प्राइस को ₹1385 से घटाकर ₹1225 किया गया है। ब्रोकरेज ने अपने नोट में लिखा है कि वह तेज मुद्रास्फीति अवधि के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए अपने वित्तीय वर्ष 2025 और 2026 के आय अनुमानों में 7% से 8% की कटौती कर रहा है। गोल्डमैन सैक्स ₹1050 के टारगेट प्राइस के साथ स्टॉक पर "न्यूट्रल" बना हुआ है और उसने अपने अर्निंग पर शेयर (EPS) अनुमानों में 10% की कटौती करके 14% कर दिया है।
दूसरी ओर, मॉर्गन स्टेनली टाटा कंज्यूमर पर "ओवरवेट" बनी हुई है, हालांकि इसने स्टॉक पर अपने टारगेट प्राइस को पहले के ₹1344 से घटाकर ₹1273 कर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि टाटा कंज्यूमर के लिए मार्जिन पर मार्केट शेयर फोकस अहम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, जबकि शहरी मांग में नरमी आई है। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स पर कवरेज करने वाले 29 एनालिस्ट्स में से 22 ने इसे "Buy" रेटिंग दी है, छह ने इसे "होल्ड" करने की सलाह दी है, जबकि एक ने इसे "sell" की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।