Tata Group Stocks: टाटा ग्रुप की कंपनी वोल्टास (VOLTAS) के शेयर शुक्रवार 16 सितंबर को कारोबार के दौरान करीब 8 फीसदी टूटकर अपने एक साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। वोल्टास के शेयर दिन में कारोबार के दौरान गिरकर 882.55 रुपये के स्तर पर पहुंच गए, जो इसका एक साल का नया निचला स्तर है। हालांकि बाद में इसके शेयरों में कुछ रिकवरी हुई और कारोबार खत्म होने के समय यह 4.83 फीसदी गिरकर 913.80 रुपये के स्तर पर बंद हुए।
वोल्टास के शेयरों में क्यों आई गिरावट
वोल्टास एयर कंडीशनर (AC) और इंजीनियरिंग सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी है। हालांकि एसी की मांग इस साल अभी तक अपेक्षाकृत कमजोर रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही वोल्टास के सितंबर तिमाही के बिक्री आंकड़े कम रहे सकते हैं। इसके अलावा शेयर बाजार में बिकवाली के माहौल का भी शेयर पर असर पड़ा और यह करीब 8 फीसदी तक टूट गया।
VOLTAS के जून तिमाही के नतीजे भी अनुमान से कमजोर रहे थे। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 0.5% घटकर 109 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 122.4 करोड़ रुपये रहा था। सालाना आधार पर कंपनी की आय बढ़ी, जबकि EBITDA Margin में कमी देखने को मिली।
सालाना आधार पर वित्त वर्ष 23 की पहली तिमाही में कंपनी की आय 55.1% बढ़कर 2768 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी की आय 1785 करोड़ रुपये रही थी। सालाना आधार पर वित्त वर्ष 23 की पहली तिमाही में कंपनी का EBITDA 28.7% बढ़कर 175 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का EBITDA 136 करोड़ रुपये रहा था।
वोल्टास का मार्केट कैप फिलहाल घटकर 30.24 हजार करोड़ पर आ गया है और यह 61.55 के पीई रेशियो पर कारोबार कर रही है। साल 2022 से अब तक कंपनी के शेयरों में करीब 26 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। वहीं पिछले 5 साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 77 फीसदी का रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।