Multibagger Stock: सरकार के स्वामित्व वाली दिग्गज एयरोस्पेस और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronics) ने निवेशकों की भरपूर चांदी कराई है। इसने निवेशकों के एक लाख रुपये से महज एक करोड़ नहीं बनाया बल्कि 50 हजार फीसदी से अधिक की उछाल के साथ 5 करोड़ बना दिए।
1 जनवरी 1999 को इसके शेयर महज 22 पैसे में मिल रहे थे जो अब बढ़कर आज 16 सितंबर 2022 को बीएसई पर 111.20 रुपये के भाव पर पहुंच चुके हैं। अगर किसी निवेशक ने उस समय एक लाख रुपये लगाए होते तो वह आज 5.05 करोड़ रुपये बन जाता।
गुरुवार को पहुंच गया था रिकॉर्ड हाई पर
कंपनी की 68वीं सालाना आम बैठक (AGM) में शेयरहोल्डर्स को एक बोनस शेयर देने और 150 फीसदी डिविडेंड देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। इसके बाद भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में जमकर खरीदारी होने लगी और फिर तो यह ऊपर भागने लगे और लगातार हाई बनाने लगे।
एक दिन पहले यानी गुरुवार को यह 115 रुपये पर पहुंच गया जो इसका रिकॉर्ड हाई लेवल है। आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट के चलते बिकवाली का दबाव रहा और इसमें कुछ गिरावट हुई है। कंपनी के शेयरधारकों को 2:1 के अनुपात में बोनस इश्यू और वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 150 फीसदी डिविडेंड देने की मंजूरी मिली। इसका रिकॉर्ड डेट 16 सितंबर फिक्स किया गया था।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स रक्षा मंत्रालय के तहत एक पीएसयू है जिसे डिफेंस सर्विसेज की जरूरतों के मुताबिक खास इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट तैयार करने के लिए वर्ष 1954 में शुरू किया गया था। यह सेना के लिए इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट तैयार करती है। इसके अलावा होमलैंड सिक्योरिटीज सॉल्यूशंस, स्मार्ट सिटीज, ई-गवर्नेंस सॉल्यूशंस, स्पेस इलेक्ट्रॉनिक्स, एनर्जी स्टोरेस प्रोडक्ट्स, एयरपोर्ट सॉल्यूशंस, ईवीएम, टेलीकॉम प्रोडक्ट्स और मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स इत्यादि से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही बेहतर नहीं रही और तिमाही आधार पर इसका कारोबार प्रभावित हुआ है। अप्रैल-जून 2022 में तिमाही आधार पर इसका नेट प्रॉफिट 1141.81 करोड़ रुपये गिरकर 431.49 करोड़ रुपये रह गया तो रेवेन्यू भी इस अवधि में 6324.90 करोड़ रुपये से फिसलकर 3112.78 करोड़ रुपये पर आ गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफार्मेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।