Realty Stock: पिछले कुछ दिनों से मार्केट में हाहाकार मचा हुआ है लेकिन एक रीयल एस्टेट कंपनी में आज 16 सितंबर को लगातार पांचवें दिन अपर सर्किट लगा है। निवेशकों की तेज खरीदारी के दम पर इसके शेयर आज 109.50 रुपये के भाव पर पहुंच गए और महज 17 दिनों में ही इसने निवेशकों की पूंजी डबल कर दी है। 23 अगस्त को यह 53.10 रुपये के भाव पर था।
डीबी रियल्टी के शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में हो रही है जबकि दुनिया भर के बाजारों में गिरावट का रूझान है। आज सेंसेक्स 1.82 फीसदी यानी 1093.22 अंकों की गिरावट के साथ 58840.79 पर बंद हुआ है लेकिन डीबी रियल्टी में 4.99 फीसदी की तेजी के साथ 109.50 रुपये पर अपर सर्किट लग गया। डीबी रियल्टी के शेयरों ने 14 फरवरी 2022 तो 133.85 रुपये पर 52 हफ्ते का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।
Adani Realty में विलय की खबरों पर ऊपर भाग रहे शेयर
कुछ दिनों पहले अडानी ग्रुप (Adani Group) की रियल्टी कंपनी अडानी रियल्टी (Adani Realty) में डीबी रियल्टी की जानकारी सामने आई थी। इस विलय के बाद अडानी रियल्टी की मार्केट में बैकडोर से लिस्टिंग हो सकती है क्योंकि डीबी रियल्टी लिस्टेड है। द हिंदू बिजनेस लाइन के बिजनेस डेली की रिपोर्ट के मुताबिक डीबी रियल्टी को कई प्रोजेक्ट्स के लिए बड़ी मात्रा में फंड की जरूरत है। इसके चलते वह एक साझीदार की तलाश में है और इसके लिए उसे अडानी रियल्टी बेहतर लग रहा है। हालांकि मनीकंट्रोल इस रिपोर्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं कर सकता है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
डीबी रियल्टी रीयल एस्टेट कंस्ट्रक्शन, डेवलपमेंट और इससे जुड़ी अन्य एक्टिविटीज में शामिल है। डीबी रियल्टी मुंबई की है और इसके प्रोजेक्ट महालक्ष्मी रेसकोर्स, बीकेसी और अंधेरी के ग्रैंड मराठा होटल के नजदीक चल रहे हैं। इसके करीब दो दर्जन प्रोजेक्ट के पोर्टफोलियो में अधिकतर मुंबई में है और कंपनी को इससे 65 हजार करोड़ रुपये के सरप्लस की उम्मीद है।