Tata Motors PV Q4 Results: टाटा की कंपनी को ₹5783 करोड़ का मुनाफा, डिविडेंड का भी ऐलान
Tata Motors PV Q4 Results: टाटा मोटर्स का मार्च तिमाही मुनाफा 32% घटकर 5,783 करोड़ रुपये रहा। हालांकि कंपनी की आय बढ़ी और JLR कारोबार में मजबूती बनी रही। EV बिक्री में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज हुई। कंपनी ने डिविडेंड देने का भी ऐलान किया। जानिए पूरी डिटेल।
टाटा मोटर्स के बोर्ड ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर 3 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है।
Tata Motors PV Q4 Results: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी Tata Motors Limited ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 32% गिरकर 5,783 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 8,470 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि कच्चे माल की बढ़ती लागत की वजह से मुनाफे पर दबाव पड़ा। हालांकि उसकी लग्जरी कार यूनिट Jaguar Land Rover (JLR) में बिक्री मजबूत रही।
टाटा मोटर्स की कमाई बढ़ी
मार्च तिमाही में Tata Motors की ऑपरेशंस से आय 7% बढ़कर 1,05,447 करोड़ रुपये पहुंच गई। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी की आय 98,377 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने कहा कि दुनिया भर में चल रही जियोपॉलिटिकल और रेगुलेटरी चुनौतियों पर नजर रखना जरूरी होगा। इससे सप्लाई चेन और लागत पर असर पड़ सकता है।
टाटा मोटर्स का कहना है कि वह घरेलू बाजार में मजबूत मांग का फायदा उठाना जारी रखेगी। साथ ही लागत घटाने के जरिए मार्जिन पर पड़ रहे दबाव को कम करने की कोशिश करेगी। अगले 18 महीनों में नए लॉन्च के जरिए JLR बिजनेस की ग्रोथ को और तेज किया जाएगा।
टाटा मोटर्स के मैनेजमेंट की राय
Tata Motors Passenger Vehicles के CFO धीमन गुप्ता ने कहा कि FY26 कंपनी के लिए 'दो हिस्सों की कहानी' जैसा रहा। उन्होंने बताया कि GST 2.0 के बाद घरेलू कारोबार में अच्छी तेजी देखने को मिली। वहीं JLR बिजनेस को टैरिफ और साइबर घटना जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
हालांकि मार्च तिमाही में JLR बिजनेस में रिकवरी हुई और घरेलू कारोबार की रफ्तार भी बनी रही। इससे कंपनी के ज्यादातर बड़े वित्तीय आंकड़ों में सुधार देखने को मिला।
कंपनी ने 'लैंडमार्क ईयर' बताया
Tata Motors Passenger Vehicles के MD और CEO शैलेष चंद्रा ने कहा कि FY26 कंपनी के लिए एक 'लैंडमार्क ईयर' रहा।
उन्होंने कहा कि कंपनी ने साल के दौरान 6.4 लाख से ज्यादा गाड़ियों की रिकॉर्ड बिक्री की। इसके साथ ही कंपनी ने 15% सालाना ग्रोथ दर्ज की और FY26 की दूसरी छमाही में बाजार में दूसरे नंबर की कंपनी बनकर उभरी।
EV कारोबार में भी तेजी
टाटा मोटर्स ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में उसकी पकड़ और मजबूत हुई है।
EV को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और ग्राहकों के लिए बेहतर वैल्यू देने पर कंपनी लगातार काम कर रही है। इसका असर यह हुआ कि FY26 में कंपनी की EV बिक्री 43% बढ़ गई। साल के दौरान कंपनी की EV बिक्री पहली बार 92,000 यूनिट के पार पहुंच गई।
मार्च तिमाही में रिकॉर्ड बिक्री
टाटा मोटर्स ने कहा कि Q4FY26 उसके लिए शानदार तिमाही रही। इस दौरान कंपनी की बिक्री 37% बढ़ी और पहली बार एक तिमाही में 2 लाख से ज्यादा गाड़ियां बिकीं।
तिमाही के दौरान कंपनी ने Sierra की 30,000 यूनिट डिलीवर कीं। साथ ही Punch और Punch.ev के नए वर्जन भी लॉन्च किए गए, जिन्हें ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
3 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड
टाटा मोटर्स के बोर्ड ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर 3 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। अगर AGM में मंजूरी मिलती है, तो योग्य शेयरधारकों को 14 जुलाई 2026 तक डिविडेंड दिया जाएगा।
टाटा मोटर्स का शेयर गुरुवार को नतीजों के ऐलान से पहले 0.34% चढ़कर 338 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 साल में स्टॉक करीब 20 फीसदी गिरा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।