टाटा मोटर्स PV धड़ाम! 9% टूटा स्टॉक, JLR के बिजनेस अपडेट से लगा बड़ा झटका

Tata Motors PV Share Price: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स PV के शेयरों में बुधवार को भारी गिरावट दिखी। इसकी वजह इसकी सहायक कंपनी जैगुआर लैंड रोवर (JLR) का बिजनेस अपडेट रहा। जानिए JLR के बिजनेस अपडेट से क्यों निराश हुए निवेशक और क्या स्टॉक पर क्या है ब्रोकरेज फर्म BofA Securities की राय।

अपडेटेड Jun 17, 2026 पर 3:48 PM
ब्रोकरेज फर्म BofA Securities ने भी Tata Motors PV पर अपनी 'Underperform' रेटिंग बरकरार रखी है।

Tata Motors PV Share Price: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (Tata Motors PV) के शेयरों में बुधवार, 17 जून को बड़ी गिरावट देखने को मिली। कंपनी की लग्जरी कार यूनिट Jaguar Land Rover (JLR) ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपना आउटलुक जारी किया, जो बाजार की उम्मीदों से कमजोर रहा। इसके बाद टाटा मोटर्स का शेयर कारोबार के दौरान करीब 9% तक टूट गया।

टाटा मोटर्स के कुल कुल का 70% से ज्यादा हिस्सा Jaguar Land Rover से ही आता है। ऐसे में JLR के आउटलुक का असर सीधे Tata Motors के शेयर पर देखने को मिला।

JLR ने क्या अनुमान दिया है


JLR ने अपने इन्वेस्टर डे के दौरान बताया कि वह वित्त वर्ष 2027 में 13% रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान लगा रही है। वहीं, कंपनी का EBIT मार्जिन पिछले वित्त वर्ष में 0% से थोड़ा ऊपर था, जिसे बढ़ाकर 4% तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, बाजार को इससे बेहतर मार्जिन की उम्मीद थी।

कंपनी ने यह भी कहा कि चालू वित्त वर्ष में उसका ऑपरेटिंग कैश फ्लो ब्रेक-ईवन रहने की उम्मीद है। पिछले वित्त वर्ष में यह 2.3 अरब पाउंड के निगेटिव स्तर पर था।

अमेरिका पर रहेगा खास फोकस

JLR ने कहा कि वित्त वर्ष 2027 के लिए उसका लक्ष्य मीडियम टर्म में डबल डिजिट रेवेन्यू ग्रोथ हासिल करना है। इसके लिए कंपनी उत्तरी अमेरिका (North America) के बाजार पर ज्यादा फोकस करेगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2029 तक 18 अरब पाउंड के निवेश की अपनी पहले की योजना को भी बरकरार रखा है।

Defender ब्रांड पर दांव

JLR ने कहा कि अमेरिकी बाजार में ग्रोथ बढ़ाने के लिए वह Defender ब्रांड पर ज्यादा ध्यान देगी। वहीं Jaguar की नई लग्जरी 4-डोर GT-Type 01 कार को इस साल के आखिर में पेश किया जाएगा।

कंपनी का लक्ष्य अमेरिका में अपने कारोबार को इतना बड़ा बनाना है, जितना आज पूरी JLR का वैश्विक कारोबार है। इसके अलावा कंपनी भारत और पश्चिम एशिया जैसे संभावनाओं वाले बाजारों में भी निवेश और विस्तार जारी रखेगी।

ब्रोकरेज ने भी जताई चिंता

ब्रोकरेज फर्म BofA Securities ने भी Tata Motors PV पर अपनी 'Underperform' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 335 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 15% की संभावित गिरावट को दिखाता है।

JLR के इन्वेस्टर डे से मिले संकेतों के बाद Tata Motors का शेयर बुधवार को 8.10% की गिरावट के साथ 361.70 रुपये पर बंद हुआ। इस गिरावट के बाद शेयर इस साल के लिए निगेटिव रिटर्न जोन में पहुंच गया है। वहीं, 1 साल में स्टॉक 11.45% टूटा है।

18 जून पर रखें नजर; HDB Financial, Tata Tech समेत 9 कंपनियों के डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।