टाटा ग्रुप (Tata Group) की पावर कंपनी टाटा पावर (Tata Power) के शेयरों में आज जमकर खरीदारी हुई। एक बड़ी ब्लॉक डील के चलते इसके शेयर आज इंट्रा-डे में बीएसई पर करीब 5 फीसदी उछल गए। मुनाफावसूली के चलते भाव में नरमी आई। हालांकि अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। टाटा पावर के शेयर इंट्रा-डे में आज 4.89 फीसदी के उछाल के साथ 276.50 रुपये की ऊंचाई तक पहुंच गए थे जो इसके शेयरों का एक साल का हाई लेवल है। इसके बाद मुनाफावसूली के चलते दिन के आखिरी में यह थोड़ा नरम होकर बीएसई पर 2.01 फीसदी की बढ़त के साथ 268.90 रुपये के भाव (Tata Power Share Price) पर बंद हुआ। इसका फुल मार्केट कैप 86,146.35 करोड़ रुपये है।
किस ब्लॉक डील के चलते शेयरों को मिला सपोर्ट
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक टाटा पावर के करीब 155 करोड़ रुपये के शेयरों का आज ब्लॉक डील के तहत लेन-देन हुआ। यह इसकी 0.2 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। इस ब्लॉक डील के तहत करीब 52.5 लाख शेयरों का लेन-देन हुआ। यह लेन-देन एनएसई पर 270 रुपये के भाव पर हुआ। हालांकि अभी तक यह नहीं स्पष्ट हो पाया कि इस डील के तहत किसने शेयरों की खरीदारी की है और किसने शेयरों को बेचा है।
रिटर्न के मामले में कैसा है Tata Power
टाटा पावर बिजली बनाने और सप्लाई करने के कारोबार में है। यह थर्मल, हाईड्रो और रिन्यूएबल एनर्जी फैसिलिटीज के पावर प्लांट ऑपरेट करती है। वित्तीय सेहत की बात करें तो इस वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2023 में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 4.95 फीसदी उछलकर 15,213 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 29.07 फीसदी उछलकर 1,141 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 6 फीसदी बढ़कर 18 फीसदी पर पहुंच गया। अब शेयरों की बात करें तो 6 महीने से भी कम समय में करीब 52 फीसदी मजबूत हुआ है। 28 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 182.45 रुपये पर था। इसके बाद 6 महीने से कम समय में यह 51.55 फीसदी चढ़कर आज 276.50 रुपये पर पहुंच गया।