TCS ने डेटा सेंटर पर बढ़ाया फोकस, टाटा एलेक्सी लाई नया जेनरेटिव AI प्लेटफॉर्म; फोकस में रहेंगे स्टॉक्स

टाटा ग्रुप की टेक कंपनियां AI पर बड़ा दांव लगा रही हैं। TCS भारत में एआई डेटा सेंटर बनाने की योजना पर काम कर रही है। वहीं, टाटा एलेक्सी ने DevStudio.ai प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इन कदमों से दोनों स्टॉक्स निवेशकों के रडार पर आ सकते हैं। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Mar 05, 2026 पर 7:49 PM
Story continues below Advertisement
टाटा एलेक्सी ने DevStudio.ai नाम का जेनरेटिव एआई प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दौड़ में अब भारतीय आईटी कंपनियां भी तेजी से कदम बढ़ा रही हैं। टाटा ग्रुप की दो प्रमुख टेक कंपनियों ने इस दिशा में बड़े कदम उठाए हैं। इससे साफ है कि आईटी सेक्टर में एआई अब बिजनेस रणनीति का अहम हिस्सा बनता जा रहा है।

TCS

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने हाल ही में भारत में एआई डेटा सेंटर बनाने के लिए OpenAI के साथ समझौता किया है। अब टाटा की यह आईटी दिग्गज अन्य बड़ी टेक कंपनियों से भी बातचीत कर रही है। कंपनी के सीईओ के कृतिवासन ने कहा कि TCS कई हाइपरस्केलर कंपनियों के साथ एडवांस स्तर की चर्चा कर रही है। अनुमान है कि 2030 तक भारत को लगभग 10 गीगावाट एआई डेटा सेंटर क्षमता की जरूरत होगी। अभी सिर्फ 5 से 6 गीगावाट की ही घोषणा हुई है।


ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक TCS इस कमी को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाना चाहती है। कंपनी मानती है कि आने वाले वर्षों में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग तेजी से बढ़ेगी। हालांकि कंपनी को बढ़ती प्रतिस्पर्धा, अमेरिका की वीजा नीतियों और एआई से जुड़े बदलावों के कारण दबाव का सामना करना पड़ रहा है। इस साल TCS का शेयर करीब 20% गिर चुका है और जून 2023 में कृतिवासन के सीईओ बनने के बाद से इसमें लगभग 23% की गिरावट आई है।

फरवरी में हुए India AI Impact Summit में TCS ने कहा था कि वह OpenAI के साथ मिलकर 100 मेगावाट से 1 गीगावाट क्षमता के डेटा सेंटर बनाएगी। एक 1 गीगावाट डेटा सेंटर की लागत 35 से 50 अरब डॉलर तक हो सकती है। गुरुवार, 5 मार्च को TCS का शेयर NSE पर 0.35% गिरकर 2,578.80 रुपये पर बंद हुआ।

Tata Elxsi

टाटा एलेक्सी ने DevStudio.ai नाम का जेनरेटिव एआई प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसे ऑटोमोबाइल सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग को तेज करने के लिए बनाया गया है। कंपनी ने 5 मार्च को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि यह प्लेटफॉर्म Automotive SPICE (ASPICE) मानकों के अनुरूप है और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के पूरे लाइफसाइकल को तेज करने में मदद करेगा।

DevStudio.ai सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के अलग अलग चरणों जैसे रिक्वायरमेंट, आर्किटेक्चर, इम्प्लीमेंटेशन, टेस्टिंग और क्वालिफिकेशन में एआई को इंजीनियर की तरह सहयोगी के रूप में इस्तेमाल करता है। इसे क्लाउड और ऑन प्रिमाइस दोनों इंफ्रास्ट्रक्चर पर चलाया जा सकता है। कंपनी के मुताबिक इसे पहले ही उत्तर अमेरिका, जापान और भारत में कुछ वैश्विक ऑटो कंपनियों के साथ इस्तेमाल किया जा रहा है और इससे डेवलपमेंट स्पीड व प्रोडक्टिविटी में सुधार देखा गया है।

दिसंबर तिमाही में कंपनी की आय 918.1 करोड़ रुपये से बढ़कर 953.5 करोड़ रुपये रही। मुनाफा 154.8 करोड़ रुपये से घटकर 109 करोड़ रुपये रह गया। गुरुवार, 5 मार्च को टाटा एल्क्सी का शेयर लगभग 1% बढ़कर 4,400 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि पिछले एक महीने में इसमें करीब 18.6% गिरावट आई है।

एनर्जी, फार्मा से डिफेंस तक... ईरान-इजरायल संघर्ष से किन सेक्टर को होगा फायदा, जानिए डिटेल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।