इंफोसिस (Infosys) से अच्छा इस समय टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का शेयर है। विदेशी ब्रोकरेज फर्म मैक्वेरी (Macquarie) ने अपनी एक रिपोर्ट में यह बात कही है। मैक्वेरी की मानें तो TCS के शेयरों में मौजूदा स्तर से करीब 27 फीसदी की तेजी आ सकती है। उसने TCS के शेयरों को 'आउटपरफॉर्म' की रेटिंग के साथ 5,740 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 और 2027 में उसे इंफोसिस के मुकाबले TCS के अधिक तेजी से ग्रोथ करने की उम्मीद है।
ब्रोकरेज को उम्मीद है कि प्राइवेट कंपनियों के खर्च में बढ़ोतरी से TCS को लाभ होगा। खासतौर से क्लाउड माइग्रेशन से जुड़े सौदों में, जो अब एप्लिकेशंस और इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज के साथ बंडल में भी आने लगे हैं। मैक्वरी ने कहा कि ट्रेंड को पकड़ने के लिए इंफोसिस की तुलना में टीसीएस बेहतर स्थिति में है।
इस बीच TCS के शेयर आज एनएसई पर 3.5 फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ 4,347.90 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 14 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि यह निफ्टी के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन है, जो इस साल अबतक करीब 16 फीसदी बढ़ा है।
वहीं दूसरी ओर इंफोसिस के शेयरों में इस साल अब तक करीब 22 फीसदी की तेजी आई है। इंफोसिस के शेयर आज एनएसई पर करीब 3 फीसदी की गिरावट के साथ 1,892.35 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
भारतीय आईटी कंपनियां को इस समय अमेरिकी कंपनियों की ओर से आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर कम खर्च की समस्या से जूझना पड़ रहा है। कई कंपनियां अमेरिकी फेडरल रिजर्व से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कर रही हैं, ताकि अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिले और कॉरपोरेट खर्च बढ़ सके।
इससे पहले TCS के जून तिमाही के नतीजे बाजार की उम्मीदों से अच्छे रहे थे। इसके बाद कई ब्रोकरेज फर्म ने इसकी रेटिंग बढ़ाई थी और इसके टारगेट प्राइस में भी इजाफा किया था। दिग्गज आईटी कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका रेवेन्यू 5 फीसदी बढ़कर 62,613 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 59,381 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका शुद्ध मुनाफा 9 फीसदी बढ़कर 12,040 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 11,074 करोड़ रुपये था।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।