टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का बोर्ड 11 अक्टूबर को मीटिंग करने जा रहा है। इस मीटिंग में वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर के लिए वित्तीय नतीजों को रखा जाएगा और उन्हें मंजूरी दी जाएगी। साथ ही मीटिंग में कंपनी के दूसरे इंटरिम डिविडेंड पर भी विचार होगा। इस बारे में TCS (Tata Consultancy Services) ने 29 सितंबर को शेयर बाजारों को सूचना दी। इससे पहले TCS ने 12 जुलाई 2023 को पहली तिमाही अप्रैल-जून के लिए वित्तीय नतीजे घोषित करने के दौरान डिविडेंड का ऐलान किया था। यह इंटरिम डिविडेंड 1 रुपये के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 9 रुपये का घोषित किया गया था।
कंपनी ने स्टॉक फाइलिंग में कहा है कि 11 अक्टूबर 2023 को होने जा रही बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में कंपनी के दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे पेश और मंजूर किए जाएंगे। इसी दौरान शेयरधारकों के लिए दूसरे इंटरिम डिविडेंड पर भी विचार किया जाएगा। टीसीएस के शेयरों ने पिछले 3 माह में 10 प्रतिशत और 6 माह में 13 प्रतिशत रिटर्न दिया है। वहीं पिछले एक साल में कंपनी के शेयर का रिटर्न 18 प्रतिशत रहा है।
डिविडेंड को लेकर 19 अक्टूबर 2023 रिकॉर्ड डेट है। TCS का कहना है कि अगर मीटिंग में दूसरा इंटरिम डिविडेंड घोषित किया जाता है तो उसे कंपनी के उन शेयरधारकों को दिया जाएगा, जिनका नाम रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में बेनिफीशियल ओनर्स के तौर पर 19 अक्टूबर 2023 तक दर्ज होगा।
Q1 में मुनाफा 16.84% बढ़ा
FY24 की अप्रैल-जून 2023 तिमाही में TCS का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 16.84 प्रतिशत बढ़कर 11,074 करोड़ रुपये रहा था। एक साल पहले इसी अवधि में नेट प्रॉफिट 9,478 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यु अप्रैल-जून में बढ़कर 59,381 करोड़ रुपये रहा था, जो एक साल पहले 52,758 करोड़ रुपये था।