निफ्टी में 27 जनवरी को दूसरे सत्र में गिरावट बढ़ी। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बावजूद इंडेक्स तेज गिरावट के साथ तीन महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ। निवेशक यूनियन बजट 2023 और फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले सतर्क नजर आये। इंडेक्स 17,877 पर खुला और गिर कर दिन के निचले स्तर 17,494 तक फिसल गया। इसने आखिरी घंटों के ट्रेड में गिरावट को कम किया। अंत में 288 अंक या 1.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,604 पर बंद हुआ। ये लेवल 21 अक्टूबर, 2022 के बाद इसकी सबसे खराब क्लोजिंग है। निफ्टी ने 17,800 के महत्वपूर्ण सपोर्ट को तोड़ दिया। इंडेक्स ने डेली और वीकली चार्ट पर एक लॉन्ग बेयरिश कैंडल बनाया। हफ्ते के अंत में यह 2.35 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ।
