Technical View:ऐसा लगता है कि पिछले 6 कारोबारी सत्रों की लगातार तेजी के बाद Nifty50 इंडेक्स कंसोलीजेशन के के दौर में दाखिल हो गया है। 5 जुलाई यानी आज के कारोबारी सत्र में निफ्टी कल के दायरे में ही घूमता दिखा और कारोबार के अंत में सपाट बंद हुआ। ऑटो, एफएमसीजी, तेल और गैस और चुनिंदा आईटी शेयरों से बाजार को सपोर्ट मिला। जबकि बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली। निफ्टी आज 19400 से ऊपर खुला और 19422-19340 के दायरे में कारोबार करता रहा। कारोबार के अंत में ये 10 अंक बढ़कर 19399 पर बंद हुआ। आज मिड और स्मॉलकैप में भी तेजी रही। निफ्टी के मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.70 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। जबकि वोलैटिलिटी इंडेक्स India VIX 31 मई के बाद के हाइएस्ट क्लोजिंग स्तर बंद हुआ। India VIX आज 11.70 से बढ़कर 11.88 के स्तर पर पहुंच गया।
निफ्टी आज लगातार सातवें सत्र में हरे निशान में बंद हुआ है । इसने डेली चार्ट पर इनसाइड बार जैसा कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है। बाजार जानकारों का कहना है कि बाजार में 19500 के तरफ की तेजी के अगले दौर के लिए एक कंसोलीडेशन की जरूरत है। निफ्टी के लिए नीचे की तरफ 19300 पर सपोर्ट है। कल वीकली एक्सपायरी वाले दिन ये स्तर काफी अहम होगा।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि डेली चार्ट पर निफ्टी ने कंसोलीडेशन का संकेत देने वाला एक इनसाइड बार पैटर्न बनाया है। ऑवरली बोलिंगर बैंड भी संकुचित हो रहे हैं। इससे संकेत मिलता है कि आगे बाजार दायरे में घूमता दिख सकता है। जतिन का मानना है कि निफ्टी जोरदार तेजी के बाद कंसोलीडेशन की प्रक्रिया में है। ये अपने को अगले दौर की तेजी के लिए तैयार कर रहा है। अगले कुछ कारोबारी सत्रों के दौरान निफ्टी 19500–19300 की रेंज में कंसोलीडेट होता दिखेगा। ऐसे में 19300 की तरफ होने वाली किसी गिरावट को खरीदारी के मौके के तौर पर इस्तेमाल करने की सलाह होगी।
ऑप्शन डेटा से संकेत मिल रहा है कि ऊपर की तरफ 19400-19500 का स्तर अहम है। वहीं, नीचे की तरफ 19300 पर तत्काल सपोर्ट दिख रहा है। वीकली ऑप्शन आंकड़ों पर नजर डालें तो 19500 की स्ट्राइक पर सबसे ज्यादा कॉल ओपन इंटरेस्ट दिख रहा है। उसके बाद 19400 भी अच्छी मात्रा में कॉल ओपन इंटरेस्ट है। वहीं, 19500 फिर उसके बाद 19800 पर काफी कॉल राइट दिखी है। जबकि अधिकतम पुट ओपन इंटरेस्ट 19300 स्ट्राइक पर रहा, उसके बाद 19000 स्ट्राइक पर भी काफी पुट ओपन इंटरेस्ट है। वहीं, 19400 स्ट्राइक पर सबसे ज्यादा पुट राइटिंग देखने को मिली है। उसके बाद 19300 स्ट्राइक पर भी पुट राइटिंग रही।
बैंक निफ्टी ने डेली स्केल पर एक और दोजी कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया। ये बाजार की आगे की दिशा तय करने के लिए तेजड़ियो और मंदड़ियों के बीच जारी रस्साकशी का संकेत है। वोलैटिलिटी और करेक्शन के बावजूद बैंक निफ्टी पूरे सत्र में 45000 अंक पर बने रहने में कामयाब रहा। गुरुवार को होने वाली वीकली एक्सपायरी के पहले बैंक निफ्टी 150 अंक गिरकर 45152 पर आ गया। इसने फ्रंटलाइन इंडेक्सों से कमजोर प्रदर्शन किया।
हेज्ड के संस्थापक और सीईओ राहुल के घोष ने कहा कि कल की एक्सपायरी को ध्यान में रखते हुए बैंक निफ्टी इंडेक्स पर न्यूट्रल से पॉजिटिव नजरिए के साथ शॉर्ट स्ट्रैडल रणनीति अपनाने की सलाह होगी। कल की एक्पायरी के लिए ऑप्शन राइटर भी यही सुझाव दे रहे हैं।" बताते चलें की शॉर्ट स्ट्रैडल रणनीति में एक ही स्ट्राइक और एक्सपायरी डेट के कॉल और पुट की बिक्री की जाती है।
राहुल के घोष ने आगे कहा कि 45000 पर बैंक निफ्टी के लिए मजबूत सपोर्ट है। इस लेवल पर काफी ज्यादा पुट राइटिंग देखने को मिली है। आज की हल्की मुनाफावसूली से पुट राइटर्स पर कोई असर नहीं पड़ा है, वास्तव में उन्होंने अपनी पोजीशन में इजाफा ही किया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।