Texmaco Rail Share Price: टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग का शेयर 13 मई को रॉकेट बन गया। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का असर इस शेयर पर नहीं पड़ा। सुबह में मजबूत खुलने के बाद इसमें लगातार तेजी बनी रही। शेयरों में तेजी की वजह कंपनी को मिला एक बड़ा इंटरनेशनल ऑर्डर है। कंपनी को करीब 4,045 करोड़ रुपये का यह ऑर्डर दक्षिण अफ्रीका से मिला है।
अगले दो सालों में कंपनी करेगी दक्षिण अफ्रीका को सप्लाई
Texmaco Rail & Engineering इस ऑर्डर के तहत रोलिंग स्टॉक फ्रेट वैगंस, डीजल लोकोमोटिव्स और कंपोनेंट्स की सप्लाई करेगी। वह लॉन्ग टर्म मेंटेनेंस भी करेगी। कंपनी 2027 और 2028 के बीच दक्षिण अफ्रीका को 2,235 फ्रेट वैगंस और 30 डीजल लोकोमोटिव्स की सप्लाई करेगी। टेक्समैको कोलकाता की कंपनी है। यह कंपनी को मिला रोलिंग स्टॉक का सबसे बड़ा इंटरनेशनल ऑर्डर है।
इस ऑर्डर से दक्षिण अफ्रीका में कंपनी की पैठ बढ़ेगी
कंपनी ने कहा है कि उसे साऊथ अफ्रीकन ट्रेन ऑपरेटिंग कंपनी (TOC) से लेटर ऑफ अवॉर्ड मिल गया है। कंपनी ने कहा है कि इसमें 15 साल का मेंटेनेंस ऑर्डर भी शामिल है। देश में कंपनी की 7 मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस ऑर्डर से दक्षिण अफ्रीका में कंपनी की पैठ बढ़ेगी, जहां रेल सेक्टर में काफी संभावनाएं हैं।
मार्च तिमाही में कंपनी का शानदार प्रदर्शन
कंपनी के शेयरों में उछाल में मार्च तिमाही में उसके अच्छे प्रदर्शन का भी हाथ है। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 45.1 फीसदी बढ़कर 57.7 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 39.8 करोड़ रुपये था। कंपनी का EBITDA 9 फीसदी बढ़कर 106.4 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने मार्च तिमाही में किया 700 करोड़ प्रोविजन
कंपनी ने रिजल्ट्स के बाद 700 करोड़ रुपये के कंटिजेंसी प्रोविजन की वजह बताई। उसने मार्च तिमाही में यह प्रोविजनिंग की है। कंपनी ने कहा कि उसके चल रहे प्रोजेक्ट्स पर कई क्लेम्स हैं। उसने सबसे मैक्सिमम रिस्क को ध्यान में रख 700 करोड़ रुपये का प्रोविजन किया है।
16 फीसदी तक उछला कंपनी का शेयर
13 मई को कंपनी का शेयर एक समय 16 फीसदी चढ़कर 122.66 रुपये पर पहुंच गया था। हालांकि, बाद में तेजी कुछ कम हो गई। कारोबार के अंत में कंपनी का शेयर 13.33 फीसदी के उछाल के साथ 119.80 रुपये पर बंद हुआ। यह शेयर बीते एक महीने में करीब 26 फीसदी चढ़ा है। हालांकि, इस साल अब तक यह 12 फीसदी से ज्यादा गिरा है।