Renewable Energy Stock: मार्केट की रौनक में एम्मवी फोटोवोल्टैक पावर के शेयर आज तूफानी स्पीड से ऊपर चढ़े। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म ने डिस्काउंट वैल्यूएशन को देखते हुए इसे फिर से खरीदारी की टारगेट रेटिंग दी और टारगेट प्राइस बढ़ाया तो शेयर 7% से अधिक उछल पड़े। जेफरीज का कहना है हाल ही में करीब 15% की गिरावट के बाद अब इसके शेयर 6.8x फॉरवर्ड EV/EBITDA पर है, जो इसकी कॉम्पटीटर्स की तुलना में लगभग 30% कम है। ऐसे में शेयरों पर निवेशक टूट पड़े। फिलहाल बीएसई पर यह 3.94% की बढ़त के साथ ₹329.45 (Emmvee Share Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 7.05% उछलकर ₹339.30 तक पहुंच गया था। आगे की बात करें तो जेफरीज ने इसके शेयरों का टारगेट ₹440 पर फिक्स किया है।
Emmvee Photovoltaic Power पर फिदा Jefferies
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज के मुताबिक टॉपकॉन (TOPCon) सेल्स में एम्मवी की शुरुआती एंट्री, मजबूत ऑर्डर बुक, सोलर पीवी वैल्यू चेन पर फोकस और नेट डेट-फ्री बैलेंस शीट के दम पर कंपनी इंगॉट्स और वेफर्स में बैकवर्ड इंटीग्रेशन और मीडियम टर्म में इंडस्ट्री में सबसे अधिक मुनाफा बनाए रखने की अच्छी स्थिति में है। ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 2027 के लिए इसके ईबीआईटीडीए के अनुमान को 2% और वित्त वर्ष 2028 के अनुमान को 7% बढ़ा दिया है और अब इसे उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2029 के बीच इसका ईबीआईटीडीए सालाना 33% की रफ्तार यानी सीएजीआर से बढ़ सकता है।
एम्मवी को भरोसा है कि अच्छे मार्जिन, मजबूत ऑर्डर पाइपलाइन और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता के विस्तार के दम पर वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने गाइडेंस के ऊपरी स्तर के आस-पास EBITDA हासिल कर लेगी। कंपनी के जून तिमाही के नतीजों के बाद सीएनबीसी-टीवी18 से बात करते हुए कंपनी के सीईओ और प्रेसिडेंट सुहास डोंथी ने कहा था कि कंपनी FY27 में ₹2,200-2,400 करोड़ का EBITDA हासिल करने के रास्ते में है। जून तिमाही के आखिरी में कंपनी का ऑर्डर बुक 9.9 GW पर था और तिमाही में इसे 1.48 GW के नए ऑर्डर मिले जोकि अभी तक किसी तिमाही में सबसे अधिक रही। कंपनी ने मौजूदा ऑर्डर बुक से अगले 12-18 महीनों में लगभग ₹12,000-13,000 करोड़ का रेवेन्यू मिलने की उम्मीद जताई है।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल
एम्मवी फोटोवोल्टैक पावर के शेयरों ने निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है। इसके ₹2,900 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹217 के भाव पर जारी हुआ था। 18 नवंबर 2025 को बीएसई पर फ्लैट एंट्री के बाद उछलकर यह ₹227.80 तक हाई तक पहुंचा था। हालांकि शेयरों की तेजी कायम नहीं रह सकी और अगले कुछ दिनों में उठा-पटक के साथ अगले महीने 18 दिसंबर 2025 को ₹171.50 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया जोकि आईपीओ प्राइस से करीब 21% डिस्काउंट पर है। इस निचले स्तर से 7 महीने में यह 116.59% उछलकर पिछले महीने 16 जुलाई 2026 को ₹371.45 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया था यानी कि महज 7 महीने में यह दोगुने से अधिक हो गया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।