Avanti Feeds Share Price: झींगा मछली का खाना बनाने वाली अवंती फूड्स के शेयर तीन दिनों से रॉकेट बने हुए हैं। लगातार तीन दिनों की तेजी में इसके शेयर करीब 30 फीसदी उछल गए। आज की बात करें तो यह 14 फीसदी से अधिक उछलकर आज इंट्रा-डे में एक साल के हाई पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के बावजूद शेयर अब भी काफी मजबूत स्थिति में है। आज BSE पर यह 8.82 फीसदी की बढ़त के साथ 615.10 रुपये पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 14.46 फीसदी उछलकर 647.00 रुपये की ऊंचाई तक पहुंच गया था। पिछले साल 12 जून 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 377.50 रुपये पर था। इसका रिकॉर्ड हाई लेवल 1000 रुपये है जो इसने दिसंबर 2017 में छुआ था।
Avanti Feeds पर ब्रोकरेज का क्या है रुझान
चार्ट पर इसका RSI (रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स) 74 है और इसके 70 से अधिक होने का मतलब है कि शेयर ओवरबॉट जोन में है। इस हफ्ते की शुरुआत में यह 50- और 100- दिनों के मूविंग एवरेज के नीचे था लेकिन अब यह सभी अहम मूविंग एवरेजेज के ऊपर है। मौजूदा भाव के हिसाब से यह शेयर वित्त वर्ष 2026 की अनुमानित कमाई के हिसाब से 14.4 गुने भाव पर है जोकि पांच साल के औसतन 16.8x PE से काफी कम है। इसे कवरेज करने वाले तीन एनालिस्ट्स में से दो ने सेल रेटिंग दी है।
फरवरी 2020 के बाद इस महीने शेयरों में तेज उछाल
अवंती फीड्स हैदराबाद की कंपनी है जो झींगा मछली के लिए खाना यनी श्रिंप फीड बनाती है। मार्च तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के हिसाब से इसमें प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 43.25 फीसदी है। शेयरों की बात करें तो इस साल यह करीब 45 फीसदी मजबूत हुआ है। वहीं इस महीने 23 फीसदी से अधिक उछल चुका है। इस महीने की तेजी फरवरी 2020 के बाद की सबसे तेजी है। फरवरी 2020 में इसके शेयर 45 फीसदी से अधिक उछले थे।