Stock Tips: बैंकिंग शेयरों में निवेश की बात करें तो बाजार के जानकारों के मुताबिक स्माल फाइनेंस बैंक (SFB) सेक्टर के उज्जीवन एसएफबी (Ujjivan SFB) में निवेश कर शानदार मुनाफा कमाने का बेहतर मौका है। उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक (Small Finance Bank) के शेयर इस साल करीब 31 फीसदी उछल चुके हैं और मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसमें आगे भी 24 फीसदी की तेजी आ सकती है।
घरेलू ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है और 31 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस पर निवेश की सलाह दी है। यह टारगेट प्राइस अचीव होता है तो मौजूदा भाव पर निवेश करने वाले निवेशकों को करीब 24 फीसदी का रिटर्न हासिल हो सकता है। आज 11 अक्टूबर को इसके शेयर बीएसई पर 25 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं।
एक्सपर्ट्स इसलिए लगा रहे हैं दांव
हाल ही में उज्जीवन एसएफबी ने रिवर्स मर्जर के लिए क्यूआईपी (क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट) के जरिए 475 करोड़ रुपये जुटाए थे। ब्रोकरेज फर्म का अनुमान है कि रिवर्स मर्जर में कोई दिक्कत नहीं आने वाली है और यह प्रक्रिया अगले 10-12 महीने में पूरी हो सकती है।
सिक्योर्ड पोर्टफोलियो सेग्मेंट्स में मजबूत मांग और एमएफआई सेग्मेंट के अनुकूल होने के चलते उज्जीवन एसएफबी का कारोबार मीडियम टर्म में 25 फीसदी की हेल्दी सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ सकता है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक अभी इसके शेयर आकर्षक भाव पर मिल रहे हैं और इसमें मौजूदा भाव पर निवेश कर 24 फीसदी का मुनाफा कमाया जा सकता है।
उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक का कारोबार करीब पांच साल पहले शुरू हुआ था। इसमें उज्जीवन फाइनेंशियल सर्विसेज की 74 फीसदी हिस्सेदारी है। घरेलू मार्केट में उज्जीवन फाइनेंशियल सर्विसेज भी लिस्टेड है और इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 52 हफ्ते के रिकॉर्ड ऊंचे लेवल 248.80 रुपये पर पहुंच गए थे। उज्जीवन एसएफबी भी कुछ दिनों पहले एक साल के रिकॉर्ड ऊंचे भाव पर पहुंच गया था। इसका 52 हफ्ते का रिकॉर्ड लेवल 26.40 रुपये है जो 7 अक्टूबर 2022 को अचीव हुआ था।
उज्जीवन एसएफबी के वित्तीय सेहत की बात करें तो चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही शानदार रही। जून तिमाही में इसका नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 126.52 करोड़ रुपये से बढ़कर 202.94 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं समान अवधि में रेवेन्यू भी 818.24 करोड़ रुपये से बढ़कर 905.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।