Defence Stocks: घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने 6 जुलाई की अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में डिफेंस सेक्टर की तीन कंपनियों-भारत इलेट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), हिंदुस्तान ऐरोनॉटिक्स लिमिटेड (BEL) और अस्त्र माइक्रोवेव प्रोडक्ट्स (AMP) को फिर से खरीदारी की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म का मानना गै कि DAC (डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल) की खरीदारी के हालिया फैसले से इन्हें फायदा मिलेगा। इस काउंसिल ने सेना के लिए ₹52 हजार करोड़ की डिफेंस खरीदारी की जरूरतों को मंजूरी दी। इसका लक्ष्य ड्रोन और टैंक से जुड़े खतरों से निपटने में सेना को मजबूत करने और ऊंची जगहों पर खुफिया जानकारी जुटाने की क्षमता को मजबूत करना है।
मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि पिछले दो वर्षों में दी गई मंजूरियों के साथ मिलकर यह घरेलू कंपनियों के लिए बाजार बढ़ाएगी और इन्हें नए ऑर्डर्स मिलने की संभावना बढ़ेगी। ब्रोकरेज ने इस बात का जिक्र किया है कि ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और सॉफ्टवेयर-डिफाइंड रेडियो (SDR) से जुड़े ₹1.3 लाख करोड़ से अधिक की खरीदारी पर 6 से 12 महीनों में फैसला लिया जा सकता है। ब्रोकरेज फर्म को उम्मीद है कि मजबूत ऑर्डर बुक के कारण डिफेंस सेक्टर की कंपनियां इन मौकों का फायदा उठाने की अच्छी स्थिति में हैं। साथ ही निर्यात के बढ़ते अवसर इनके लिए अतिरिक्त फायदा साबित हो सकते हैं।
Bharat Electronics Ltd (BEL)
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने बीईएल को ₹510 के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है और डिफेंस स्पेस में इसे टॉप पिक के तौर पर रखा है। ब्रोकरेज फर्म ने इसकी वैल्यू दो साल की फारवर्ड अनुमानित कमाई के मुकाबले 45 गुना तय किया है। ब्रोकरेज के अनुसार कंपनी को अगले कुछ हफ्तों में QRSAM (क्विक रिएक्शन सरफेस-टू-एयर मिसाइल) प्रोजेक्ट से लगभग ₹30,000 करोड़ के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। इसके बाद अन्य ऑर्डर भी मिलेंगे। इसके अलावा ₹90,000 करोड़ की P-75I पनडुब्बी प्रोजेक्ट को लेकर भी बातचीत अंतिम चरण में है और इस वर्ष सितंबर तक कॉन्ट्रैक्ट हो सकता है। ब्रोकरेज के मुताबिक भारत इलेक्ट्रॉनिक्स को उम्मीद है कि इस प्रोजेक्ट का कुल लागत का लगभग 30% हिस्सा इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ा होगा, जिसमें से कंपनी 50% से 60% तक की सप्लाई कर सकती है।
Hindustan Aeronautics Ltd (HAL)
मोतीलाल ओसवाल ने ₹5,500 के टारगेट प्राइस पर खरीदारी के साथ एचएएल को खरीदारी की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म ने इसकी वैल्यू दो साल के अनुमानित फारवर्ड अर्निंग्स के 30 गुने पर तय की है। ब्रोकरेज का मानना है कि 3 जुलाई के फैसलों के बाद नेवल शिपबोर्न अनमैन्ड एरियल सिस्टम्स (NSUAS) से इसके शेयरों को फायदा मिल सकता है।
मोतीलाल ओसवाल ने ₹1715 के टारगेट प्राइस के साथ अस्त्र माइक्रोवेव प्रोडक्ट्स को खरीदारी की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म ने दो साल के फारवर्ड अनुमानित कमाई के आधार पर इसकी वैल्यू 42 गुना फिक्स की है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि इसे एंटी-अनमैन्ड एरियल व्हीकल इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम 'आकाश तरंग' और टैंकों के लिए एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम से फायदा मिल सकता है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि कंपनी टीआर मॉड्यूल और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सब-सिस्टम के लिए QRSAM ऑर्डर का भी हिस्सा बन सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।