थायरोकेयर टेक्नोलॉजीस लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स के लिए 30 अक्टूबर का दिन बेहद खराब जा रहा है। कारोबार के दौरान शेयर में 13 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर 449 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 7300 करोड़ रुपये पर आ गया है। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही और छमाही नतीजे जारी किए थे। कंपनी के मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद शेयर में बिकवाली का दबाव है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के दौरान थायरोकेयर टेक का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 67 प्रतिशत गिरकर 15.89 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले मुनाफा 47.99 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 25 प्रतिशत बढ़कर 270.81 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर 2025 तिमाही में यह 216.53 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 196.61 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 तिमाही में 157.28 करोड़ रुपये के थे।
कंसोलिडेटेड EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) लगभग 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 89.3 करोड़ रुपये हो गया। पैथोलॉजी बिजनेस में फ्रेंजाइजी से रेवेन्यू सालाना आधार पर 26.9 प्रतिशत बढ़ा। पार्टनरशिप रेवेन्यू 27.9 प्रतिशत बढ़ा। थायरोकेयर टेक एक दिग्गज डायग्नोस्टिक चेन है। इसकी पूरे भारत में मौजूदगी है। इसका फोकस मरीजों, हेल्थ-टेक और वेलनेस प्रोवाइडर्स, इंश्योरेंस कंपनियों, फार्मास्युटिकल कंपनियों, फ्रेंचाइजीज, लैबोरेटरीज, अस्पतालों और सरकार को अच्छी क्वालिटी वाली और सस्ती डायग्नोस्टिक सर्विस देने पर है।
FY27 की पहली छमाही में कितना बिजनेस
अप्रैल-सितंबर 2026 यानि कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के दौरान थायरोकेयर टेक का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 68 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 86.92 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 510.83 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 छमाही में 409.56 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 373.20 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 छमाही में 304.73 करोड़ रुपये के रहे थे।
Thyrocare Tech का शेयर 2 साल में 40 प्रतिशत मजबूत
Thyrocare Tech मई 2016 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। कंपनी का IPO 479.21 करोड़ रुपये का था। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 2 साल में 40 प्रतिशत चढ़ा है। वहीं 3 साल में 150 प्रतिशत की बढ़त देख चुका है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 662 रुपये और एडजस्टेड लो 342.55 रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।