भारतीय शेयर बाजारों में 16 अप्रैल को गिरावट लौट आई। बाजार ने शुरुआत तो हरे निशान में की लेकिन फिर बिकवाली का दबाव छाया रहा। कारोबार बंद होने पर सेंसेक्स 122.56 अंक या 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,988.68 पर बंद हुआ। दिन में इसने 78,730.32 का हाई और 77,674.93 का लो देखा। इसी तरह निफ्टी 34.55 अंक या 0.14 प्रतिशत टूटकर 24,196.75 पर बंद हुआ। दिन में यह 24,400.95 के हाई और 24,102.80 के लो तक गया।
शेयर बाजार के लाल निशान में आने के पीछे मुनाफावसूली, ऑटो और FMCG शेयरों में बिकवाली, बैंकिंग शेयरों में कमजोरी का मुख्य रूप से हाथ रहा। आइए जानते हैं गुरुवार के टॉप गेनर्स और लूजर्स के बारे में...
Gujarat Mineral Development Corporation | मौजूदा भाव ₹747 (+20.00%): शेयर में अपर सर्किट लगा है। 747 रुपये इसका 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर भी है। शेयर में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी देखी गई। गुरुवार की तेजी अच्छे ट्रेडिंग वॉल्यूम का नतीजा रही। लगभग 3.5 करोड़ शेयरों की खरीद-बिक्री हुई।
Shipping Corporation of India | मौजूदा भाव ₹289.20 (+14.20%): एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंटेनर निर्माण को बढ़ावा देने की प्रस्तावित योजना पर परामर्श पूरा हो गया है। अब इस प्रस्ताव को निकट भविष्य में मंजूरी के लिए एक्सपेंडिचर फाइनेंस कमेटी (EFC) के समक्ष रखे जाने की संभावना है। इसके कारण लॉजिस्टिक्स और शिपिंग से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी है।
Firstsource Solutions और Sonata Software: हैवी ट्रेडिंग वॉल्यूम के चलते इन दोनों शेयरों में शानदार तेजी रही। ट्रेडिंग वॉल्यूम में 31 गुना तक का उछाल देखा गया। फर्स्टसोर्स सॉल्यूशंस का शेयर BSE पर ₹244.15 (+10.80%) पर और सोनाटा सॉफ्टवेयर का शेयर ₹279.30 (+10.07%) पर बंद हुआ।
HDB Financial Services | मौजूदा भाव ₹686.30 (+6.54%): एक दिन पहले कंपनी ने तिमाही नतीजे जारी किए थे, जो कि शानदार रहे हैं। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 41.4 प्रतिशत बढ़कर 751 करोड़ रुपये हो गया। ब्याज आय 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4,081 करोड़ रुपये रही। एसेट्स अंडर मैनेजमेंट सालाना आधार पर 10.7 प्रतिशत बढ़ गए। तिमाही नतीजों के साथ HDB फाइनेंशियल सर्विसेज के बोर्ड ने 2 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर डेट सिक्योरिटीज को जारी कर फंड जुटाने पर भी मुहर लगाई है। कंपनी एक या एक से अधिक राउंड में 32,825 करोड़ रुपये जुटाएगी।
Suraj Estate Developers | मौजूदा भाव ₹240 (+5.49%): कंपनी ने मुंबई के दादर में 8.53 करोड़ रुपये में एक जमीन खरीदी है। चूंकि जमीन के मालिकों को सौंपने के लिए 2,200 वर्ग फुट का अतिरिक्त एरिया भी लिया है, जिससे कुल अधिग्रहण लागत 18 करोड़ रुपये हो गई है। कंपनी का इरादा जमीन पर करीब 0.18 लाख वर्ग फुट का बिक्री लायक कारपेट एरिया तैयार करने का है। इसकी ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू करीब 100 करोड़ रुपये रह सकती है।
Mrs. Bectors Food Specialities | मौजूदा भाव ₹189.40 (-5.35%): कंपनी मैकडॉनल्ड्स और केएफसी जैसे बड़े QSR ब्रांड्स को सप्लाई करती है। यह बिस्किट एक्सपोर्ट में भारत की अग्रणी कंपनी है। दिन में शेयर की कीमत 188.05 रुपये के लो तक गई। बाद में यह थोड़ा संभला।
Supreme Industries | मौजूदा भाव ₹3662.10 (-4.37%): बिकवाली के दबाव में यह शेयर दिन में BSE पर 3632.05 रुपये के लो तक गया। बाद में थोड़ा संभला।
Mahindra Lifespace Developers | मौजूदा भाव ₹327.85 (-4.35%): इस शेयर में भी बड़ी गिरावट दिखी। इसकी अलग से कोई ठोस वजह नहीं है। मार्केट में बिकवाली के दबाव के बीच इस शेयर में भी सेलिंग प्रेशर दिखा।
Tejas Networks | मौजूदा भाव ₹431.75 (-4.03%): टाटा ग्रुप की इस कंपनी के मार्च 2026 तिमाही के नतीजे अच्छे न रहने से शेयर में गिरावट आई। तिमाही के दौरान कंपनी को 211.3 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। यह लगातार पांचवीं तिमाही है, जिसमें कंपनी को नुकसान उठाना पड़ा है। रेवेन्यू सालाना आधार पर 82.6 प्रतिशत गिरकर 332.7 करोड़ रुपये रह गया।
Astral | मौजूदा भाव ₹1578.80 (-3.00%): शेयर दिन में BSE पर 1550.70 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 42400 करोड़ रुपये पर आ गया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।