Torrent Power Shares: तिमाही नतीजों के ऐलान के बाद टोरेंट पावर के शेयरों में आज 31 जुलाई को तूफानी तेजी देखी गई। कंपनी के शेयर करीब 19% उछलकर 1,908 रुपये के अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। टोरेंट पावर ने एक दिन पहले मंगलवार 30 जुलाई को अपने जून तिमाही के नतीजे जारी किए थे। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025 की जून तिमाही में उसे 996.3 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ, जो इसके पिछले साल इसी तिमाही में रहे 532.3 करोड़ रुपये के मुनाफे से करीब 87.2 फीसदी अधिक है।
दोपहर 12.45 बजे के करीब, कंपनी के शेयर करीब 18.43 फीसदी की तेजी के साथ 1,896.40 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 101 फीसदी की तेजी आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 180 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
टोरेंट पावर का रेवेन्यू जून तिमाही में 23.3 फीसदी बढ़कर 9,033.7 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 7327.6 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी EBITDA जून तिमाही में 56.8% बढ़कर ,857.9 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,184.8 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का EBITDA मार्जिन 20.6% रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 16.2% था।
नतीजों के अलावा टोरेंट पावर के बोर्ड ने टोरेंट इलेक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड (TEPL) के 100% इक्विटी शेयरों को होल्डिंग कंपनी टोरेंट इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड (TIPL) को 85 करोड़ रुपये में बेचने को भी मंजूरी दे दी। बिक्री के पूरा होने की संभावित तारीख 31 दिसंबर 2024 है। TEPL का कुल रेवेन्यू 651.26 करोड़ रुपये है, जो कंपनी के कुल रेवेन्यू का 2.40 फीसदी है।
बता दें कि कंपनी गुजरात में अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, दाहेज SEZ और धोलेरा SIR, केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव (DNH & DD), महाराष्ट्र में भिवंडी, शिल, मुंब्रा और कलवा और उत्तर प्रदेश में आगरा में 41.3 लाख से अधिक कस्टमर्स को लगभग 30 अरब यूनिट डिस्ट्रीब्यूट करती है।