6 मई को बाजार 1.6 फीसदी टूट कर बंद हुआ। पिछले हफ्ते बाजार 4 कारोबारी दिनों में तीन दिन बिकवाली के दबाव में रहा। गौरतलब है कि ईद की छुट्टी की वजह से पिछला हफ्ता 4 कारोबारी दिनों का ही था। हर सेक्टर में दबाव देखने को मिला था। एडवांस डिक्लाइन रेशियो पर नजर डालें को 1 बढ़ने वाले शेयर पर 5 गिरने वाले शेयर देखने को मिले थे। कमजोर ग्लोबल संकेतों ने बाजार पर अपना असर दिखाया था। पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 867 अंक गिरकर 54,836 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 271 अंको की गिरावट के साथ 16,411 के स्तर पर बंद हुआ था। दिग्गज शेयरों की तरह ही स्मॉल और मिड कैप भी बिकवाली के दबाव में रहे थे। निफ्टी मिड कैप 1.8 फीसदी और स्मॉल कैप 2.5 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
