Trent Shares: टाटा ग्रुप की रिटेल चेन कंपनी ट्रेंट के शेयरों में आज खरीदारी का जोरदार रुझान दिखा। इसके शेयरों में खरीदारी का यह माहौल ऐसे समय में आया, जब ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी ने इसके शेयरों का टारगेट प्राइस घटा दिया। हालांकि आज शेयरों पर इसका निगेटिव असर नहीं दिखा और खरीदारी के माहौल में यह करीब 3% उछल गया। टारगेट प्राइस में कटौती के बावजूद खरीदारी की रेटिंग बने रहने से इसे सपोर्ट मिला। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 2.81% की बढ़त के साथ ₹4089.00 के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 3% उछलकर ₹4096.70 तक पहुंच गया था।
Trent के शेयरों पर क्यों हुआ HSBC बेयरेश?
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी ने टाटा ग्रुप की ट्रेंट के शेयरों का टारगेट प्राइस घटाकर ₹5300 से कम करके ₹4800 कर दी है। हालांकि ब्रोकरेज फर्म ने इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है। एचएसबीसी कंपनी के ग्रोथ आउटलुक को लेकर पॉजिटिव बना हुआ है क्योंकि इसके वैल्यू फैशन ब्रांड जूडियो का विस्तार मजबूती से हो रहा है।
ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि वित्त वर्ष 2026 में जूडियो के लगभग 200 नए स्टोर खुलने से वित्त वर्ष 2027 के लिए अच्छी संभावनाएं दिख रही हैं, हालांकि स्टोर प्रोडक्टिविटी में कुछ कमी आई है। एचएसबीसी ने सीमित कॉम्पटीशन के चलते इसमें 18-20% के ग्रोथ की उम्मीद जताई है। हालांकि वित्त वर्ष 2027 के लिए LFL (लाइक-फॉर-लाइक) ग्रोथ तुलनात्मक रूप में 4% के कम लेवल पर रहने के आसार हैं।
कैसी है ट्रेंट की कारोबारी सेहत
इस महीने की शुरुआत में ट्रेंट ने मार्च 2026 तिमाही और वित्त वर्ष 2026 का मजबूत कारोबारी अपडेट जारी किया। मार्च तिमाही में स्टैंडअलोन रेवेन्यू सालाना आधार पर 20% बढ़कर ₹4,937 करोड़ तो पूरे वित्त वर्ष का रेवेन्यू सालाना आधार पर 18% बढ़कर ₹19,701 करोड़ पर पहुंच गया। अन्य ऑपरेटिंग इनकम छोड़कर मर्चेंडाइज की बिक्री से रेवेन्यू मार्च 2026 तिमाही में सालाना आधार पर 21% और वित्त वर्ष 2026 में 19% की रफ्तार से बढ़ा।
कंपनी ने अपने रिटेल बिजनेस का आक्रामक तरीके से विस्तार करना जारी रखा। 31 मार्च 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक ट्रेंट के 1,286 स्टोर थे, जिनमें 300 वेस्टसाइड आउटलेट, 963 जूडियो स्टोर और अन्य लाइफस्टाइल फॉर्मेट के तहत 23 स्टोर शामिल थे। जूडियो ने वित्त वर्ष 2026 के दौरान 198 स्टोर जोड़े, जिनमें से अकेले चौथी तिमाही में 109 स्टोर जोड़े, जबकि वेस्टसाइड ने पूरे साल 52 स्टोर जोड़े।
एक साल में कैसी रही ट्रेंट के शेयरों की चाल?
ट्रेंट के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। पिछले साल 30 जून 2025 को बीएसई पर यह ₹6,259.00 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 9 महीने में यह 47.66% टूटकर 30 मार्च 2026 को ₹3,276.10 के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।