Trent Share Price: अच्छे Q2 नतीजों से शेयर 6% तक भागा; जेफरीज, सिटी, नुवामा और HSBC का अब क्या है रुख

Trent Share Price: ट्रेंट, टाटा ग्रुप का फैशन और लाइफस्टाइल बिजनेस है। कंपनी के Westside, Zudio जैसे ब्रांड्स के तहत फैशन रिटेल स्टोर हैं। वहीं स्टार, कंपनी का सुपरमार्केट कॉन्सेप्ट वाला फूड और ग्रॉसरी बिजनेस है। जेफरीज ने ट्रेंट के शेयर पर 'होल्ड' रेटिंग बरकरार रखी है

अपडेटेड Oct 30, 2026 पर 11:42 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अप्रैल—सितंबर 2026 के दौरान ट्रेंट की शुद्ध कंसोलिडेटेड इनकम सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 11,628 करोड़ रुपये रही।

टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट लिमिटेड के शेयरों में 30 अक्टूबर को 6.7 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 3,059 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप 1.61 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी की परफॉरमेंस अच्छी रहने से शेयर खरीद बढ़ी है। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि तिमाही के दौरान उसका शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 468 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 5,873 करोड़ रुपये हो गया।

ट्रेंट, टाटा ग्रुप का फैशन और लाइफस्टाइल बिजनेस है। कंपनी के Westside, Zudio जैसे ब्रांड्स के तहत फैशन रिटेल स्टोर हैं। वहीं स्टार, कंपनी का सुपरमार्केट कॉन्सेप्ट वाला फूड और ग्रॉसरी बिजनेस है। सितंबर 2026 तिमाही के दौरान ट्रेंट ने जूडियो के 1,000 स्टोर का आंकड़ा पार किया। 30 सितंबर 2026 तक संयुक्त अरब अमीरात के 7 स्टोर मिलाकर जूडियो के कुल 999 स्टोर, वेस्टसाइड के 311 स्टोर और अन्य लाइफस्टाइल ब्रांड के 32 स्टोर थे।

चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानि कि अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान ट्रेंट की शुद्ध कंसोलिडेटेड इनकम सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 11,628 करोड़ रुपये रही। शुद्ध लाभ 24 प्रतिशत बढ़कर 986 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेटिंग ईबीआईटीडीए 35 प्रतिशत बढ़कर 1,633 करोड़ रुपये रहा।


तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज की राय

जेफरीज ने ट्रेंट के शेयर पर 'होल्ड' रेटिंग बरकरार रखी है। प्राइस टारगेट ₹3,300 प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि अच्छे नतीजों से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और शॉर्ट टर्म में स्टॉक पर सकारात्मक असर पड़ सकता है। हालांकि, चेतावनी भी दी है कि इनपुट कॉस्ट बढ़ने से शॉर्ट टर्म में कंपनी के मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है और इसका असर डिमांड पर भी पड़ सकता है।

HSBC ने ट्रेंट पर अपनी 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और इसका प्राइस टारगेट ₹3,480 तय किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का Q2 EBITDA अनुमान से लगभग 2% बेहतर रहा। इसकी मुख्य वजह यह रही कि कच्चे माल की लागत बढ़ने की आशंका के बावजूद, ग्रॉस मार्जिन उम्मीद से बेहतर बने रहे। HSBC ने FY28 के लिए अपने EBITDA अनुमान को 2% बढ़ा दिया है।

Stocks to Watch: 30 अक्टूबर को RIL, Jio, Coal India, Trent, Indigo समेत इन शेयरों पर पैनी नजर, बड़ी उठापटक के आसार

सिटी ने ट्रेंट पर 'सेल' रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस ₹2,815 तय किया है। ब्रोकरेज के अनुसार, सालाना आधार पर रेवेन्यू और EBITDA में क्रमशः 23% और 30% की बढ़ोतरी हुई है, जो उनके अनुमानों से क्रमशः 4% और 1% अधिक है। सिटी ने ग्रॉस मार्जिन में विस्तार को एक अहम पॉजिटिव सरप्राइज माना है। कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद, कंपनी के ग्रॉस मार्जिन में सालाना आधार पर 121 बेसिस पॉइंट्स का सुधार हुआ है। सिटी का कहना है कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में, कच्चे माल और परिचालन लागत में बढ़ोतरी के बीच मार्जिन को बनाए रखना, स्टॉक के प्रदर्शन को तय करने वाला एक अहम कारक होगा।

नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने ट्रेंट पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन टारगेट प्राइस ₹3,591 से घटाकर ₹3,466 कर दिया है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 के लिए रेवेन्यू और EBITDA अनुमानों को क्रमशः 1.4% और 1.9% बढ़ाया है। वित्त वर्ष 2028 के अनुमानों में क्रमशः 0.3% और -0.3% का बदलाव किया है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।