Triveni Turbine Shares: टर्बाईन बनाने वाली दिग्गज कंपनी त्रिवेणी टर्बाईन के शेयरों को आज बिकवाली की ऐसी आंधी का सामना करना पड़ा को इसके शेयर करीब 8% टूट गए। जून तिमाही में इसका रेवेन्यू बढ़ा और ऑर्डर इनफ्लो में भी तेजी आई, लेकिन फिर भी ऑपरेटिंग लेवल पर झटके पर शेयर सहम गए। बिकवाली का दबाव इतना तेज है कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए और अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 5.39% की गिरावट के साथ ₹600.00 के भाव (Triveni Turbine Share Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 7.92% टूटकर ₹584.00 तक आ गया था और निफ्टी 500 पर टॉप लूजर बन गया।
Triveni Turbine के लिए कैसी रही जून तिमाही
जून 2026 तिमाही में त्रिवेणी टर्बाईन का रेवेन्यू सालाना आधार पर 19% बढ़कर ₹371.3 करोड़ से बढ़कर ₹442.7 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो इस दौरान कंपनी का ईबीआईटीडीए 30% गिरकर ₹73.6 करोड़ से ₹51.3 करोड़ पर आ गया तो ईबीआईटीडीए मार्जिन 19.8% से 11.6% पर आ गया। कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी इस दौरान 20% गिरकर ₹51.1 करोड़ पर आ गया। जून तिमाही कंपनी का ऑर्डर इनफ्लो सालाना आधार पर 6% बढ़कर ₹5,683 करोड़ हो गया।
जून तिमाही में कंपनी के मार्जिन को अनफेवरेबल प्रोडक्ट मिक्स, कीमतों में उठा-पटक और कुछ स्ट्रैटेजिक ऑर्डर्स के डिलीवरी फेजिंग से झटका लगा। कंपनी का कहना है कि पश्चिमी एशिया में जियोपॉलिटिकल अनिश्चितताओं के चलते आने वाले दिनों में भी कंपनी के कारोबार में उठा-पटक हो सकती है लेकिन बिजनेस अनुमान के मुताबिक ही आगे बढ़ता रहेगा और इस वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में सुधार दिखेगा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
त्रिवेणी टर्बाईन के शेयरों ने कम समय में ही निवेशकों की तगड़ी कमाई कराई है। 23 मार्च 2026 को बीएसई पर यह ₹428.50 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर पर शेयर संभले और दो ही महीने में 83.86% उछलकर 29 मई 2026 को ₹787.85 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो इसे कवर करने वाले 9 एनालिस्ट्स में से छह ने खरीदारी, दो ने होल्ड और एक ने सेल रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।