Trump Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने बांग्लादेश पर टैरिफ घटा दिया है। इसका असर भारत की भी टेक्सटाइल कंपनियों- गोलकदास एक्सपोर्ट्स (Gokaldas Exports), पर्ल ग्लोबल (Pearl Global), अरविंद (Arvind), वेलस्पन लिविंग (Welspun Living) समेत इन टेक्सटाइल स्टॉक्स पर पड़ेगा। ट्रंप सरकार ने बांग्लादेश पर टैरिफ की दर को घटाकर 20% कर दिया है। इससे पहले अप्रैल महीने में अमेरिका ने बांग्लादेश पर 35% का टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। भारत की बात करें तो अमेरिकी सरकार ने 25% की दर से टैरिफ लगाने का ऐलान किया है और पेनल्टी भी लेकिन यह पेनल्टी कितनी है, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
टेक्सटाइल सेक्टर के लिए क्यों है झटका?
अमेरिका को कपड़ों के निर्यात के मामले में भारत की भिड़ंत बांग्लादेश और वियतनाम से होती है। एनालिस्ट्स के मुताबिक अमेरिका को जाने वाले रेडीमेड कपड़ों में से 6% भारत से जाता है जबकि वियतनाम से 19% और बांग्लादेश से 9%। अब इन पर टैरिफ की बात करें भारत पर अमेरिका ने 25% का टैरिफ और पेनल्टी लगाने का ऐलान किया है जबकि बांग्लादेश के सामानों पर 25% और वियतनाम के सामानों पर 20% की दर से टैरिफ लगेगी।
भारत में लिस्टेड टेक्सटाइल स्टॉक्स को झटका क्यों?
भारत के लिए अमेरिकी मार्केट काफी अहम है और बांग्लादेश की तुलना में टैरिफ रेट अधिक होने पर झटका लगने के आसार दिख रहे हैं। लिस्टेड कंपनियों की बात करें तो गोकलदास एक्सपोर्ट्स और पर्ल ग्लोबल जैसी अधिक लिस्टेड कंपनियों के रेवेन्यू का एक बड़ा हिस्सा 50% से 70% तक अमेरिकी मार्केट से आता है। इसके अलावा अरविंद के रेवेन्यू का करीब 30% और केपीआर मिल के भी रेवेन्यू का करीब 21% हिस्सा अमेरिका से आता है। हालांकि सीएनबीसी-टीवी18 से बातचीत में पर्ल ग्लोबल के मैनेजमेंट का कहना है कि टैरिफ का असर कंपनी पर नहीं पड़ेगा बल्कि इसका भार तो अंतत: उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा।
भारत पर कब से लगेगा टैरिफ और स्टॉक मार्केट पर कितना असर?
अमेरिकी टैरिफ के चलते भारतीय स्टॉक मार्केट में बिकवाली का भारी दबाव है। ट्रंप ने जब भारत पर 25% टैरिफ और पेनल्टी लगाने का ऐलान किया था तो अगले ही कारोबारी दिन यानी 31 जुलाई को निफ्टी की मंथली एक्सपायरी के दिन कोहराम मच गया और इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) धड़ाम से गिर गए थे। फिलहाल टैरिफ की बात करें तो 1 अगस्त से अमेरिकी टैरिफ लागू होने वाला था लेकिन ट्रंप ने अब इस फैसले को कुछ दिनों के लिए टाल दिया है और 7 अगस्त से लागू होगा।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।