Turtlemint IPO Listing: 10% के डिस्काउंट पर लिस्ट ₹152 के भाव पर जारी शेयर, कंपनी चल रही लगातार घाटे में

Turtlemint IPO Listing: अलग-अलग कंपनियों की कार, बाइक, हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस की तुलना कर उन्हें खरीदने या रिन्यू करने की फैसिलिटी देने वाली टर्टलमेंट के शेयरों की आज मार्केट में एंट्री हुई। इसके आईपीओ के तहत सिर्फ नए शेयर जारी हुए हैं। नई एंट्री से पहले चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है और आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैसे करेगी

अपडेटेड Jun 29, 2026 पर 10:18 AM
Turtlemint IPO Listing: टर्टलमिंट का ₹883 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 19-23 जून तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

Turtlemint IPO Listing: इंश्योरटेक स्टार्टअप टर्टलमेंट फिनटेक सॉल्यूशंस के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 1.24 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹152 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹136.20 और NSE पर ₹134.90 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि उनकी पूंजी ही 10% से अधिक घट गई। लिस्टिंग के बाद शेयरों ने रिकवरी की कोशिश की। ₹132.15 के भाव तक फिसलने के बाद यह ऊपर चढ़ा। उछलकर BSE पर यह ₹137.20 (Turtlemint Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 9.74% घाटे में हैं।

Turtlemint IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

टर्टलमिंट का ₹883 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 19-23 जून तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.24 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.63 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.55 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 1.11 गुना भरा था। इस इश्यू के तहत ₹660.72 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं तो ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत भी प्रमोटर्स और मौजूदा निवेशकों ने ₹1 की फेस वैल्यू वाले 1.46 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की है।


अब आईपीओ के पैसों के इस्तेमाल की बात करें तो ऑफर फॉर सेल का पैसा शेयर बेचने वाले निवेशकों को मिला है। ऑफर फॉर सेल के तहत प्रमोटर्स प्रमोटर्स आनंद प्रभुदेसाई और धीरेंद्र मह्यावंशी के साथ-साथ मौजूदा निवेशक- पीक XV पार्टनर्स, नेक्सस वेंचर पार्टनर्स, जंगल वेंचर्स, ब्लूम वेंचर्स और इंडिविजुअल इंवेस्टर कुणाल शाह ने शेयर बेचा है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹25.64 करोड़ क्लाउड और सर्वर से जुड़े इंफ्रा, ₹193.04 करोड़ कंपनी की टेक और प्रोडक्ट डेवलपमेंट टीम की सैलरी, ₹39.07 करोड़ मार्केटिंग, ₹22.21 करोड़ अपने मौजूदा प्रॉपर्टीज के लीज पेमेंट्स, ₹20.87 करोड़ पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडरी टीआईबी की प्रॉपर्टीज के लीज पेमेंट्स, ₹128.64 करोड़ टीआईबी में निवेश और बाकी पैसे अधिग्रहण जैसे इनऑर्गेनिक ग्रोथ और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Turtlemint Fintech Solutions के बारे में

टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस एक टेक्नोलॉजी-बेस्ड इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म चलाती है जो ग्राहकों, इंश्योरेंस कंपनियों और डिजिटल पार्टनर्स को जोड़ती है। 30 सितंबर 2025 तक के आंकड़ों के मुताबिक इस प्लेटफॉर्म के 6 लाख से अधिक डिजिटल पार्टनर्स थे, जिनमें 4.85 लाख 'पॉइंट ऑफ सेल्स पर्सन्स' (PoSPs) शामिल थे। साथ ही इसने अप्रैल 2022 से सितंबर 2025 के बीच 1.97 करोड़ इंश्योरेंस पॉलिसी के डिस्ट्रीब्यूशन में मदद की।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹288.18 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में घटकर ₹193.35 करोड़ रह गया लेकिन फिर वित्त वर्ष 2025 में घाटा हल्का बढ़कर ₹194.11 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में भी उठा-पटक दिखी। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी की टोटल इनकम ₹460.11 करोड़, वित्त वर्ष 2024 में ₹119.12 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹693.21 करोड़ थी। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹125.15 करोड़ का शुद्ध घाटा और ₹469.37 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था।

Anubhav Plast IPO Listing: फ्लैट एंट्री के बाद नीचे आया ₹80 का शेयर, नई खरीदारी से पहले चेक करें कारोबारी सेहत

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।