Thalapathy Vijay Portfolio: फिल्मों से राजनीति में आए विजय की पार्टी टीवीके को तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा सीटें मिली हैं। उनके राज्य का मुख्यमंत्री बनने की काफी ज्यादा संभावना है। टीवीके ने दशकों से तमिलनाडु की राजनीति में सबसे ज्यादा दखल वाली डीएमके और एआईडीएमके को सीटों के मामले में काफी पीछे छोड़ दिया है। विजय ने 30 मार्च, 2026 को चुनाव आयोग को दी गई जानकारी में अपना नेटवर्थ 624 करोड़ रुपये बताया था। सवाल है कि इसमें से उन्होंने शेयरों में कितना निवेश किया है।
FY25 में 184 करोड़ रुपये की इनकम
विजय तमिल फिल्मों के बड़े स्टार हैं। उनका करियर करीब तीन दशकों का है। वह दक्षिण के सबसे अमीर फिल्म स्टार्स में से भी एक हैं। उनके 624 करोड़ रुपये के नेटवर्थ में 404 करोड़ रुपये मूवेबल एसेट्स है, जबकि 220 करोड़ रुपये इमूवेबल एसेट्स है। फाइनेंशियल ईयर 2024-25 में उनकी इनकम 184.53 करोड़ रुपये थी। यह पैसा सेल्फ एंप्लॉयमेंट, रेंटल इनकम और इंटरेस्ट अर्निंग्स से आया।
पोर्टफोलियो में इन कंपनियों के शेयर
विजय ने शेयरों में भी निवेश किया है। लेकिन, कुल नेटवर्थ के मुकाबले शेयरों में उनका निवेश काफी कम है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने उनके एफडेविट के आधार पर बताया है कि उन्होंने शेयरों में कुल 19.37 लाख रुपये निवेश किया है। उनके पास जया नगर प्रॉपर्टी के 19.03 लाख रुपये के शेयर हैं। इंडियन ओवरसीज बैंक के 9,600 रुपये के शेयर हैं। सन पेपर मिल के 25,000 रुपये के शेयर हैं। इस तरह शेयरों में उनका कुल निवेश 19.37 लाख रुपये का है। यह उनके नेटवर्थ के 0.04 फीसदी से कम है। एफडेविट के मुताबिक, उनके पास म्यूचुअल फंड्स, बॉन्ड्स या डिबेंचर नहीं हैं।
सेविंग्स अकाउंट में 213 करोड़ रुपये जमा
टीवीके के प्रमुख ने सबसे ज्यादा पैसा सेविंग्स अकाउंट में रखा है। इंडियन ओवरसीज बैंक की शालिग्रामम ब्रांच में 27 मार्च, 2026 को उनके सेविंग्स अकाउंट में 213.36 करोड़ रुपये जमा थे। 4 बैंकों में उनका 100 करोड़ रुपये का फिक्स्ड डिपॉजिट है। इससे यह संकेत मिलता है कि इनवेस्टमेंट के मामले में विजय का एप्रोच कंजरवेटिव है। उनके मूवेबल एसेट्स का ज्यादा हिस्सा बैंक सेविंग्स अकाउंट्स और फिक्स्ड डिपॉजिट्स में है।
कई महंगी गाड़ियों के मालिक हैं विजय
तमिल फिल्म स्टार गाड़ियों के शौकीन हैं। उनके पास कई महंगी गाड़ियां हैं। इनकी कुल कीमत 13.52 करोड़ रुपये है। इनमें 2024 मॉडल टोयोटा लेक्सस 350 शामिल है, जिसकी कीमत 3.01 करोड़ रुपये है। 2015 मॉडल टाटा कारवां है, जिसकी कीमत 6 करोड़ रुपये है। 2024 मॉडल बीएमडब्ल्यू आई7 है, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपये है। 2014 मॉडल टोयोटा वेलफायर है, जिसकी कीमत 1.63 करोड़ रुपये है। 2024 मॉडल मारुति स्विफ्ट है, जिसकी कीमत 5.35 लाख रुपये है।