Wockhardt Share Price: वॉकहार्ट का शेयर 5 मई को रॉकेट बन गया। शेयर सुबह में मजबूत खुला। इसके बाद इसमें तेजी देखने को मिली। शेयरों में तेजी की वजह मार्च तिमाही में कंपनी का शानदार प्रदर्शन है। चौथी तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट 164 करोड़ रुपये रहा। मंगलवार को अच्छे नतीजों का असर कंपनी के शेयरों पर देखने को मिला। 11:15 बजे कंपनी का शेयर 10.11 फीसदी उछाल के साथ 1,568 रुपये पर चल रहा था। वॉकहार्ट देश की प्रमुख फार्मा कंपनियों में से एक है।
FY25 की मार्च तिमाही में कंपनी को लॉस हुआ था
Wockhardt को एक साल पहले की मार्च तिमाही में 45 करोड़ रुपये का लॉस हुआ था। FY26 की मार्च तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू 965 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 743 करोड़ रुपये था। मार्च तिमाही में कंपनी का खर्च भी बढ़कर 843 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 780 करोड़ रुपये था। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में यह जानकारी दी है।
FY26 में कंपनी का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट 199 करोड़ रुपये
वॉकहार्ट का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट FY26 में 199 करोड़ रुपये रहा। FY25 में कंपनी को 57 करोड़ रुपये का लॉस हुआ था। FY26 में ऑपरेशंस से कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 3,373 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 3,012 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा है कि बोर्ड ने फंड जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
लंबे कंसॉलिडेशन के बाद शेयरों में रिकवरी
ब्रोकरेज फर्म बोनांजा में सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट कुणाल कुंबले ने कहा, "लंबे समय तक कंसॉलिडेशन के बाद वॉकहार्ट के शेयर में स्ट्रॉन्ग रिकवरी दिख रही है। शेयर की कीमत ने शॉर्ट टर्म मूविंग एवरेज को दोबारा हासिल कर लिया है। यह अब 1,550-1,600 रुपये के रेसिस्टेंस जोन की तरफ बढ़ रहा है। हाल में ब्रेकआउट की कोशिश के दौरान वॉल्यूम हाई रहा। आरएसआई 70 के करीब है, जिससे स्ट्रॉन्ग मोमेंटम का संकेत मिलता है।"
बीते एक महीने में 22 फीसदी चढ़ा है शेयर
उन्होंने कहा कि शेयर के लिए 1,420 रुपये पर पहला सपोर्ट उपलब्ध है। इसके बाद 1,350 रुपये पर सपोर्ट मिलेगा। शेयर की कीमत जब तक 1,400 रुपये के ऊपर बनी रहती है, ट्रेडर्स अपना रुख पॉजिटिव रख सकते हैं। गिरावट आने पर शेयर में खरीदारी की जा सकती है। बीते एक महीने में यह शेयर 22 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।